सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 
खेल

जितेश और कृणाल चमके, बड़ौदा ने बंगाल को हराया, कर्नाटक की मुश्किलें बढ़ीं

बड़ौदा 16 अंक के साथ ग्रुप A में शीर्ष पर

Ravi

मुंबई : भारतीय खिलाड़ी जितेश शर्मा और कृणाल पंड्या के शानदार प्रदर्शन की मदद से बड़ौदा ने रविवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप A मैच में बंगाल को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ बड़ौदा (नेट रन रेट 2.3) पांच मैच में 16 अंक लेकर ग्रुप A में शीर्ष पर पहुंच गया। राजस्थान के भी पांच मैच में 16 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट 1.8 होने के कारण वह दूसरे स्थान पर है। बंगाल की टीम पांच मैच में 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर बनी हुई है।

ईश्वरन ने खेली 78 रन की पारी

कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन की 46 गेंद में 10 चौके और दो छक्के जड़ित 78 रन की पारी की मदद से बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 172 रन बनाये। ईश्वरन ने अपनी पारी के दौरान दो अहम साझेदारियां कीं। उन्होंने अभिषेक पोरेल (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन और शाकिर गांधी (26) के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े।

हालांकि स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर कृणाल ने पोरेल और सुदीप कुमार घरामी को आउट करके बंगाल की रन गति पर अंकुश लगाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बड़ौदा की ओर से जितेश (29 गेंद में 54 रन), शाश्वत रावत (35 गेंद में 51 रन) और आक्रामक बल्लेबाज शिवालिक शर्मा (16 गेंद में 31 रन) ने अहम योगदान दिया।

सयान घोष ने तीन विकेट लिये

मध्यम तेज गेंदबाज सयान घोष ने तीन विकेट लिये, लेकिन बंगाल के गेंदबाजों के पास टीम को जीत दिलाने के लिए स्कोरबोर्ड पर काफी रन नहीं थे। वहीं पूर्व चैंपियन कर्नाटक की टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूक सकती है क्योंकि उसे चंडीगढ़ के खिलाफ सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

चंडीगढ़ ने कर्नाटक की पूरी टीम को महज 95 रन पर समेट दिया और फिर 13.5 ओवर में तीन विकेट पर 96 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कर्नाटक इस हार के बाद पांच मैच में आठ अंक के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर खिसक गया जबकि चंडीगढ़ एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गया।

SCROLL FOR NEXT