एडीलेड : भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि जेमिमा रौड्रिग्स के साहसी रवैये से उन्हें धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल करने में मदद मिली जिसके दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे T-20 मैच में शनिवार को 17 रन से हराया। मंधाना ने 82 रन बनाये जबकि जेमिमा ने 59 रन की पारी खेली और दोनों ने 121 रन की साझेदारी करके भारत को छह विकेट पर 176 रन तक पहुंचाया । इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट पर 159 रन पर रोक दिया। मंधाना ने मैच के बाद कहा, ‘जब वह आई तब मैं 16 गेंद पर 15 रन बनाकर खेल रही थी। उसने आकर तीन चार चौके लगाये और मुझे लय हासिल करने के लिये समय मिल गया।’
उन्होंने कहा, ‘ये छोटी छोटी चीजें हैं जिन पर ध्यान नहीं जाता लेकिन मुझे लगता कि उसके आकर दो तीन चौके लगाने से मुझे लय हासिल करने में मदद मिली। लिहाजा इसका श्रेय उसे जाता है।’ उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराना बड़ी उपलब्ध है लेकिन टीम की नजरें अब ब्रिसबेन में मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज पर है। मंधाना ने कहा, ‘सीरीज जीतने में योगदान देना अच्छा रहा। ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराना खास है। हमने इससे पहले उन्हें 2016 में हराया था लेकिन हमने काफी समय बाद ऑस्ट्रेलिया में T-20 खेला है। अब नजरें वनडे सीरीज पर लगी हैं।’
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘ यह जीत काफी मायने रखती है। यह टीम प्रयास का नतीजा है। यह देखकर अच्छा लगा कि हर कोई योगदान दे रहा है। हर साझेदारी अहम है।गेंदबाजों को भी अपना काम बखूबी पता था कि विकेट लेने पर ही मैच जीतेंगे और उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया।’ ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी सोफी मोलिनू ने कहा, ‘यह अच्छी विकेट थी लेकिन हमने गलत समय पर अहम विकेट गंवा दिये। हम एलिसे पैरी को उसके 350वें मैच में जीत का तोहफा नहीं दे सके जिसका दुख है।’