खेल

बेहतर बनना जरूरी होता है : प्रसिद्ध

भारत अगले साल के शुरू में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में करेगा। प्रसिद्ध ने कहा, ‘मैं हमेशा खुद से कहता हूं कि अगर चोट लगने के समय मैं जिस निश्चित स्तर पर था, वापसी के समय मुझे उससे दस गुना बेहतर होना होगा।

Deepak Ram

नयी दिल्ली : भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का कहना है कि चोट के कारण खेल से दूर रहने के बाद वह अधिक बेहतर खिलाड़ी के रूप में शीर्ष स्तर पर वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध थे और उनकी निगाहें अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच टेस्ट मैच की सीरीज पर टिकी हैं। भारत अगले साल के शुरू में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में करेगा। प्रसिद्ध ने कहा, ‘मैं हमेशा खुद से कहता हूं कि अगर चोट लगने के समय मैं जिस निश्चित स्तर पर था, वापसी के समय मुझे उससे दस गुना बेहतर होना होगा।

यह मानसिकता वास्तव में काफी महत्व रखती है।’ ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेल चुके इस 30 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा, ‘मैंने दो बार पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली है। एक बार ऑस्ट्रेलिया में और एक बार इंग्लैंड में। इससे मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है। पांच मैचों और 25 दिनों के क्रिकेट में लय बनाए रखना और गति को बरकरार रखना अलग तरह की चुनौती होती है।’

उन्होंने कहा, ‘टीम इस चुनौती के लिए तैयारी कर रही है। सभी खिलाड़ी अच्छी स्थिति में है और उनका मनोबल भी ऊंचा है। सभी जानते हैं कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के चक्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज कितनी महत्वपूर्ण है।’ इस तेज गेंदबाज ने कहा कि आगामी न्यूजीलैंड दौरा खासकर तेज गेंदबाजों के लिए अलग तरह की चुनौती पेश करेगा। उन्होंने कहा, ‘न्यूजीलैंड में बिल्कुल अलग चुनौती मिलेगी। न्यूजीलैंड खेल के लिए अच्छी जगह है लेकिन वहां आपके कौशल और सहनशक्ति की कड़ी परीक्षा होती है।’

SCROLL FOR NEXT