फाइल फोटो Ipl
खेल

IPL प्लेऑफ : इन टीमों के पास है मौका

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस का प्लेऑफ में पहुंचना तय लग रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद ने भी धीमी शुरुआत के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है।

Deepak Ram

नयी दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के सही समय पर फॉर्म में लौटने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग प्लेऑफ के चार स्थानों के लिये अब आठ टीमें दौड़ में हैं जबकि लीग चरण के दस दिन बाकी हैं। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस का प्लेऑफ में पहुंचना तय लग रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद ने भी धीमी शुरुआत के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन सबसे हैरानी की बात पंजाब किंग्स का अचानक खराब प्रदर्शन है। अच्छी शुरुआत के बाद टीम लगातार चार मैच हार चुकी है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स बाहर हो चुके हैं। ऐसा है क्वालीफाइंग दौड़ में शामिल आठ टीमों का समीकरण।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू : रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने उस निरंतरता को बरकरार रखा है जिसके दम पर उसने पिछले साल पहली बार IPL खिताब जीता था। अब बुधवार को उसका सामना KKR से है जिसे जीतने पर उसकी प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो जायेगी। अब तक 11 मैचों में 14 अंक ले चुकी RCB का नेट रनरेट सबसे बेहतर है। KKR के बाद उसे पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है।

पंजाब किंग्स : खराब गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से पंजाब को लगातार चार हार का सामना करना पड़ा है लेकिन IPL के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन के कारण टीम अभी भी अंतिम चार में है। उसका नेट रनरेट भी ठीक है। अब उसे मुंबई इंडियंस, RCB और सनराइजर्स के खिलाफ बाकी तीन में से दो मैच जीतने होंगे। उसके 11 मैचों में 13 अंक है और धर्मशाला में मुंबई के खिलाफ मैच हर हालत में जीतना होगा।

गुजरात टाइटंस : चार साल पहले पदार्पण के बाद से गुजरात सिर्फ एक बार प्लेऑफ में नहीं पहुंची है। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और शीर्ष तीन बल्लेबाजों के फॉर्म के दम पर शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम शीर्ष दो में जगह बनाने की दावेदार है। गुजरात के 12 मैचों में 16 अंक है और आखिरी दो मैच केकेआर तथा चेन्नई सुपर किंग्स से खेलने हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद : पिछले आठ मैचों में छह जीत के बाद सनराइजर्स सही समय पर फॉर्म में लौटी है। बल्लेबाजों ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है और गेंदबाज भी पीछे नहीं रहे हैं । सनराइजर्स के 14 अंक है और अगले दो मैचों में उसे चेन्नई और RCB से खेलना है। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिये कम से कम दो अंक और बनाने होंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स : पहले तीन मैच हारने के बाद चेन्नई ने पिछले आठ में से छह मैच जीते हैं। उसे 15 मई को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ दो अंक लेने होंगे जिसके बाद सनराइजर्स और गुजरात से आखिरी दो मैच खेलने हैं। अगले दस दिन में चेन्नई को तीनों मैच जीतने होंगे क्योंकि इस बार 18 अंक प्लेऑफ क्वालीफिकेशन की गारंटी लग रहे हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम पहले हाफ में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी लेकिन लगातार छह हार के बाद पिछले चार मैच जीतकर ढर्रे पर लौटी। उसके पास दूसरी टीमों से एक मैच अधिक है और अधिकतम 17 अंक मिल सकते हैं। KKR को आखिरी तीनों मैच ईडन गार्डंस पर खेलने हैं।

राजस्थान रॉयल्स : वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के शानदार प्रदर्शन के बावजूद रॉयल्स प्रदर्शन में निरंतरता नहीं ला सके। चार जीत के साथ शुरुआत करने वाली टीम पिछले सात में से पांच मैच हार गई। गेंदबाजी भी उनका सिरदर्द बनी हुई है। 11 मैचों में 12 अंक लेने वाले रॉयल्स को अगले तीन में से कम से कम दो मैच जीतने होंगे और बाकी परिणाम भी अनुकूल रहने की दुआ करनी होगी। उसे बाकी मैचों में दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जाइंट्स और मुंबई से खेलना है।

दिल्ली कैपिटल्स : अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली ने अगले सत्र की योजना बनानी शुरू कर दी है। उसके 12 मैचों में 14 ही अंक है और वह प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर ही है।  

SCROLL FOR NEXT