खेल

मार्टिनेज के गोल से इंटर मिलान की जीत

लौटारो मार्टिनेज के दो गोल से इंटर ने नेपोली की 2-0 की बढ़त मिटाकर 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की, वहीं हालैंड के गोल ने मैनचेस्टर सिटी को EPL में शीर्ष पर बनाए रखा

लंदन : लौटारो मार्टिनेज ने आखिरी क्षणों में अपना दूसरा गोल दागकर इंटर मिलान को इटली की शीर्ष घरेलू फुटबॉल लीग सीरी A में नेपोली पर 3-2 की रोमांचक जीत दिलाई, तो वहीं एर्लिंग हालैंड के गोल की बदौलत मैनचेस्टर सिटी ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) में कोवेंट्री को 1-0 से हराकर तालिका में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा। इंटर मिलान की तरह सीरी A के एक और रोमांचक मुकाबले में रोमा ने आखिरी मिनटों में दो गोल कर तीन मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इंटर मिलान के खिलाफ माटेओ पोलितानो और रासमुस होयलुंड ने 50वें और 53वें मिनट में गोल कर गत चैंपियन नेपोली को 2-0 की बढ़त दिलाई। इसके तीन मिनट बाद मार्टिनेज ने गोल कर इंटर की वापसी की शुरुआत की।

मार्कस थुराम ने 82वें मिनट में बराबरी का गोल किया। आखिरी पलों में मैनुअल अकांजी के प्रयास से गेंद मार्टिनेज तक पहुंची और उन्होंने नजदीक से गोल कर इंटर को जीत दिला दी। अटलांटा के खिलाफ मटियास सौले ने आखिरी समय में गोल और गोल में मदद कर रोमा को 2-1 से जीत दिलाई। उन्होंने 90वें मिनट में मारियो हर्मोसो के गोल में मदद की, जिससे एडरसन के शुरुआती गोल की बराबरी हुई। इसके तीन मिनट बाद सौले ने खुद गोल कर रोमा को जीत दिला दी। लीग के एक अन्य मैच में टोरिनो ने फियोरेंटीना को उसके घरेलू मैदान पर 2-1 से हराया। हालैंड ने सत्र का अपना तीसरा गोल किया और मैनचेस्टर सिटी ने कोवेंट्री को 1-0 से हराकर प्रीमियर लीग में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। सिटी के तीन मैचों में नौ अंक हैं। पदोन्नत टीम हल सिटी सात अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और अब तक अपराजित है।

उसने एस्टन विला के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेला। टॉटेनहम ने नॉटिंघम फॉरेस्ट के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेलकर सत्र का अपना पहला अंक हासिल किया। जैकब रैमसे के मैच के आखिरी चरण में किए गए गोल की मदद से न्यूकैसल ने बोर्नमाउथ के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलकर अपना अजेय अभियान जारी रखा। क्रिस्टल पैलेस ने फुलहम के खिलाफ दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए क्रेवेन कॉटेज में 3-2 से सत्र की पहली जीत दर्ज की। ब्रेंटफोर्ड और सुंदरलैंड का मुकाबला भी 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। जमाल मुसियाला ने शाल्के के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ में इस सत्र में पहली बार बुंडेसलीगा (जर्मनी की शीर्ष लीग) में कदम रखा। बायर्न के इस मिडफील्डर को सत्र पूर्व न्यूरोलॉजिकल समस्या के कारण दो मैचों से बाहर रहना पड़ा था। फरवरी 2025 के बाद यह पहली बार था, जब बायर्न जर्मन लीग के किसी मुकाबले में गोल नहीं कर सका।

शाल्के के गोलकीपर लोरिस कारियस के शानदार प्रदर्शन ने टीम को 2017 के बाद बायर्न के खिलाफ पहला अंक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। छोटे से कस्बे के क्लब एलवर्सबर्ग ने अपने पहले बुंडेसलीगा सत्र की शानदार शुरुआत जारी रखते हुए बोरुसिया मोएनशेंग्लाडबाक को 4-3 से हराया। उसने आखिरी क्षणों में निर्णायक गोल दागकर यह जीत हासिल की। करीब 13,000 की आबादी वाले इस कस्बे के क्लब ने पिछले सप्ताह बायर लीवरकुसेन को हराने के बाद एक और पूर्व चैंपियन के खिलाफ उलटफेर किया। बोरुसिया डॉर्टमुंड ने दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए हॉफेनहाइम को 3-2 से हराया। हॉफेनहाइम के डिफेंडर अल्बियन हाजदारी ने 86वें मिनट में आत्मघाती गोल कर डॉर्टमुंड की जीत सुनिश्चित की। लीपजिग को वेर्डर ब्रेमेन के हाथों 1-3 से हार मिली।

ब्रेमेन के नए खिलाड़ी निक्लास फुलक्रुग ने एक गोल किया। लीवरकुसेन के नए कोच कार्लेस मार्टिनेज ने यूनियन बर्लिन को 4-0 से हराकर बुंडेसलीगा में अपनी पहली जीत दर्ज की। स्पेन में एथलेटिक बिलबाओ ने दूसरे हाफ में तीन गोल दागकर डिएगो सिमियोने की एटलेटिको मैड्रिड को ला लीगा में 3-0 से हराया। टीम के लिए निको विलियम्स, रॉबर्ट नवारो और ओइहान सानसेट ने गोल किए। पियरे-एमेरिक ऑबामेयांग ने डेपोर्टिवो से जुड़ने के बाद चार मैचों में अपना चौथा गोल किया और पदोन्नत क्लब को शीर्ष डिविजन में वापसी के बाद अजेय बनाए रखा। ऑबामेयांग ने 88वें मिनट में गोल कर टीम को विलारियल पर 3-2 से जीत दिलाई। सर्जियो कामेलो ने दो गोल कर रायो वालेकानो को रेसिंग सैंटांडर पर 3-2 से जीत दिलाई। फ्रांस में पिछले सत्र की लीग-वन की उपविजेता लेंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। उसे घरेलू मैदान पर लोरियांट ने 1-0 से हराया। ब्रेस्ट ने ले हावरे को 2-1 से हराया, जबकि नीस और ले मान्स का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।

SCROLL FOR NEXT