भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम
खेल

भारतीय टीम ने किया बहिष्कार, पाकिस्तान को खिताब

भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया

Rajesh Nain

नयी दिल्ली :

भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को ढाका में पुरुष एशिया कप पुरस्कार वितरण समारोह का बहिष्कार किया जब फाइनल एक भी गेंद फेंके बिना बारिश में धुलने के बाद पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया। भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया।

पाकिस्तान को नेट रनरेट के आधार पर विजेता घोषित किया गया जबकि सीएबीआई का कहना था कि दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिये था। सीएबीआई ने आरोप लगाया कि डब्ल्यूबीसीसी अध्यक्ष और पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने के तकनीकी समिति के फैसले को अनसुना करके पाकिस्तान को चैम्पियन घोषित किया।

सीएबीआई महासचिव शैलेंद्र यादव ने एक बयान में कहा, ‘जिस तरीके से पाकिस्तान ने खुद को दृष्टिबाधित क्रिकेट एशिया कप फाइनल में एक भी गेंद फेंके बिना विजेता घोषित कर लिया, उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।

जब बारिश के कारण फाइनल में एक गेंद भी नहीं डाली जा सकी तो विश्व दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद की तकनीकी समिति के फैसले और टूर्नामेंट के नियमों के आधार पर मसले का हल निकाला जाना चाहिये था। इसके लिये रिजर्व दिन या दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करना विकल्प हो सकता था।’

SCROLL FOR NEXT