ऑकलैंड : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गयी प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम मैच 2-2 से ड्रॉ खेला और इस तरह से शृंखला 1-0 से अपने नाम की।
भारत तीनों मैच में अजेय रहा। भारत ने 19 नवंबर को पहले मैच में 3-2 से जीत दर्ज की थी जिससे शृंखला का परिणाम तय हुआ क्योंकि उसके बाद दो मैच 2-2 से ड्रॉ रहे। न्यूजीलैंड ने तीसरे मैच में शानदार शुरुआत की। उसने डायलन थामस के नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किये गोल से बढ़त हासिल की।
भारतीय टीम ने हालांकि जल्द ही लय हासिल कर ली और कप्तान संजय ने 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। भारत ने इसके दो मिनट बाद ही कार्थी सेल्वम के मैदानी गोल की मदद से 2-1 से बढ़त हासिल कर ली। भारत ने मैच के अंतिम चरण तक अपनी बढ़त बनाए रखी, लेकिन न्यूजीलैंड ने बराबरी का गोल करने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे।
आखिर में 55वें मिनट में उसकी कोशिश रंग लायी जब बेंजी कुलहेन ने मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद दोनों टीम ने विजयी गोल करने के लिए पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और इस तरह से मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों की शुरुआत 1926 में हुई थी जब दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद की अगुवाई वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था।