राजगीर : भारत ने एकतरफा मुकाबले में कजाकिस्तान को 15-0 से रौंदकर सोमवार को यहां पूल तालिका में शीर्ष स्थान के साथ एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सुपर चार चरण में प्रवेश किया। भारत ने मुकाबला शुरू होने से पहले ही सुपर चार का टिकट पक्का कर लिया था लेकिन टीम ने इस बड़ी जीत के बाद पूल ए में शीर्ष स्थान पक्का किया। भारत के लिए अभिषेक (5वें, 8वें, 20वें और 59वें मिनट), सुखजीत सिंह (15वें, 32वें, 38वें), जुगराज सिंह (24वें, 31वें, 47वें), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (26वें), अमित रोहिदास (29वें), राजिंदर सिंह (32वें), संजय सिंह (54वें) और दिलप्रीत सिंह (55वें) ने गोल किए।
भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में तीन गोल करने के बाद दूसरे क्वार्टर में चार गोल के साथ मध्यांतर तक अपनी बढ़त 7-0 कर ली थी। अभिषेक ने इस दौरान दूसरे क्वार्टर के पांचवें मिनट में ही अपनी हैट्रिक पूरी की। अभिषेक के अलावा पेनल्टी कॉर्नर के अधिकांश शॉट लेने वाले सुखजीत और जुगराज ने भी इस एकतरफा मैच में हैट्रिक गोल किये। भारत ने अपने पहले दो मैचों में चीन और जापान को हराया था। इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट का विजेता अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगा।