फाइल फोटो 
खेल

चीन में क्रिकेट को बढ़ावा देगा ICC

चीन में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए ICC का बड़ा कदम, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की होगी स्थापना

Deepak Ram

नयी दिल्ली : ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने के बाद चीन की क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) इस देश में खेल को बढ़ावा देने के लिए अपनी तरफ से प्रयास करेगा। ICC के CEO संजोग गुप्ता ने कहा कि विश्व संस्था चीन में जल्द ही टियर 2 प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राष्ट्रीय संघ का साथ देगा और साथ ही देश में उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) स्थापित करने में भी मदद करेगा।

गुप्ता ने कहा कि चीन में क्रिकेट को अधिक सुलभ बनाना और महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना भी उसकी योजनाओं का हिस्सा है। अगर ICC चीन में अपनी मजबूत पकड़ बनाने में कामयाब हो जाती है, तो वहां क्रिकेट के लिए अपार संभावनाएं हैं। गुप्ता ने कहा कि ICC पहले से ही चीन क्रिकेट संघ (CCA) के साथ मिलकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘CCA ने ICC की मदद से यूएई में ICC अकादमी की तर्ज पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की है, ताकि खिलाड़ियों के विकास में तेजी लाई जा सके।

ICC का समर्थन चीन में इस खेल को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकता है।’ गुप्ता ने कहा, ‘लॉस एंजिलिस में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी से वे देश भी इस खेल से जुड़ना चाहते हैं जिन्होंने अभी तक इसे नजरअंदाज किया था।’ चीन के 22 प्रांतों में से नौ में क्रिकेट खेला जाता है और अगर यह खेल देश के राष्ट्रीय खेलों में शामिल हो जाता है तो क्रिकेट चीन में अधिक लोकप्रिय हो जाएगा। एशियाई खेलों में क्रिकेट के शामिल होने से भी मदद मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT