खेल

मैं खुद पर कुछ ज्यादा ही दबाव डाल रहा था : एलन

एलन ने कोलकाता में खेले गए T-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंद में नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली थी

कोलकाता : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाज फिन एलन ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शुरू में उन्होंने खुद पर बहुत ज्यादा दबाव डाल दिया था जिससे वह ‘खोखला’ इंसान बन गए थे लेकिन अब वह अपने खेल का पूरा आनंद ले रहे हैं। एलन ने कोलकाता में खेले गए T-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंद में नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली थी। लेकिन इसके बाद IPL में उनका बल्ला नहीं चला और उन्होंने पांच पारियों में केवल 81 रन बनाए। इसके बाद KKR ने उन्हें गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ तीन मैचों के लिए अंतिम एकादश में नहीं रखा। न्यूजीलैंड के इस बल्लेबाज ने शनिवार को गुजरात के खिलाफ 35 गेंद पर 93 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एलन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘टूर्नामेंट की शुरुआत में मैं खुद पर अच्छा प्रदर्शन करने का बहुत ज्यादा दबाव डाल रहा था। उस दौरान मैं शायद थोड़ा खोखला इंसान बन गया था और यह सब मेरी अपनी गलती थी।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है। मुझे बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है और तब मैं इसका उतना आनंद नहीं ले पा रहा था जितना मुझे लेना चाहिए था क्योंकि मैं खुद पर बहुत ज्यादा दबाव डाल रहा था।’ अंतिम एकादश में वापसी करने के बाद एलन ने चार पारियों में 240 रन बनाए हैं, जिसमें 47 गेंद में नाबाद शतक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अंतिम एकादश से बाहर रहने के दौरान उन्हें स्पष्ट मानसिकता के साथ खेलने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा, ‘कुछ मैचों में नहीं खेलने से मुझे वाकई बहुत फायदा हुआ। इस दौरान मुझे काफी कुछ सीखने को मिला।

अगर मैं तनावमुक्त हूं और अपने खेल का पूरा आनंद ले रहा हूं तो मैं गेंद पर अधिक ध्यान देता हूं और बेहतर स्थिति में होता हूं।’ एलन ने 21 वर्षीय अंगकृष रघुवंशी को ‘स्टारबॉय’ करार दिया जो 44 गेंद में 82 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने कहा, ‘स्टारबॉय'। वह शानदार खिलाड़ी है। मुझे लगता है कि वह अपने खेल को और बेहतर बना रहा है। वह कुछ बेहतरीन शॉट खेल सकता है। वह अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश कर रहा है। एक युवा खिलाड़ी इतनी निरंतरता दिखा रहा है और यह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है।’ इस जीत से KKR की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी जीवंत हैं। एलन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि एक टीम के रूप में हमने इस पूरे टूर्नामेंट में जो सबसे अच्छा काम किया है, वह है संयम बनाए रखना। सहयोगी स्टाफ के सदस्य और जिंक्स (कप्तान अजिंक्य रहाणे) को भी श्रेय जाता है।’   

SCROLL FOR NEXT