नयी दिल्ली : नीरज चोपड़ा की लोकप्रियता भारत तक ही सीमित नहीं है और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली नीदरलैंड की भाला फेंक खिलाड़ी नोएल रूर्डा ने कहा कि उन्होंने पेरिस ओलंपिक के दौरान सिर्फ इस भारतीय को प्रतिस्पर्धा करते देखने के लिए टिकट खरीदा था। वर्ष 2021 में टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज ने पेरिस खेलों में रजत पदक जीता। बाएं हाथ से थ्रो करने वाली 25 साल की रूर्डा ने एफ46 महिला भाला फेंक स्पर्धा जीतने के बाद कहा, ‘हां, बिल्कुल।
मैं उन्हें जानती हूं।’ रूर्डा का दायां हाथ सिर्फ कोहनी तक है। एफ46 स्पर्धा उन एथलीटों के लिए है जिनके एक या दोनों हाथों की मूवमेंट मध्यम रूप से प्रभावित होती है या जिनका अंग नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘मैं पेरिस ओलंपिक खेलों के लिए गई थी और वहां भाला फेंक नाइट के लिए टिकट खरीदे थे। मैंने उन्हें तब सबसे नजदीक से देखा था।’ रूर्डा ने स्वीकार किया कि उन्हें उम्मीद थी कि नीरज की जगह जर्मनी के योहानेस वेटर तोक्यो ओलंपिक का स्वर्ण पदक जीतेंगे। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा था कि वेटर स्वर्ण पदक जीतेंगे।
नीरज निश्चित रूप से पोडियम पर होंगे लेकिन वेटर बेहद अच्छे थे और उस साल उन्होंने शानदार थ्रो किया। लेकिन वह बहुत जल्द चरम पर पहुंच गए। यह खेल का हिस्सा है।’ टोक्यो पैरालंपिक में रजत और जापान में 2024 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली रूर्डा ने यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 43.74 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। हालांकि भाला फेंक में उनके आदर्श एक अन्य जर्मन खिलाड़ी थॉमस रोहलर हैं जिन्होंने 2016 रियो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई है।