खेल

गुरिंदरवीर का दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड

गुरिंदरवीर ने शानदार दौड़ लगाते हुए 100 मीटर स्पर्धा 10.09 सेकंड में पूरी की और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनका यह प्रदर्शन इस सत्र में एशिया का दूसरा सबसे तेज समय भी है।

रांची : राष्ट्रीय सीनियर फेडरेशन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय एथलेटिक्स ने ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह बना, जब गुरिंदरवीर सिंह ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, जबकि विशाल टीके 400 मीटर में 45 सेकेंड से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय बने। गुरिंदरवीर ने शानदार दौड़ लगाते हुए 100 मीटर स्पर्धा 10.09 सेकेंड में पूरी की और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनका यह प्रदर्शन इस सत्र में एशिया का दूसरा सबसे तेज समय भी है। विशाल टीके ने 400 मीटर दौड़ में 44.98 सेकंड का समय निकालकर इतिहास रच दिया। वह 45 सेकेंड की बाधा तोड़ने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। उनका यह समय मौजूदा सत्र में एशिया का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।

एक और बड़ी उपलब्धि में एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में 8000 अंकों का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए एशिया की सर्वकालिक सूची में सातवां स्थान हासिल कर लिया। रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे तेजस्विन ने 10 स्पर्धाओं वाली कठिन डेकाथलॉन प्रतियोगिता में कुल 8057 अंक जुटाए। इससे उन्होंने पिछले वर्ष बनाए अपने 7063 अंकों के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कर रहे 22 वर्षीय विशाल पिछले साल चेन्नई में 45.12 सेकेंड के समय के साथ पुरुषों की 400 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने के बाद से ही सबसे चर्चित भारतीय एथलीटों में से एक रहे हैं।

उन्होंने शनिवार को 44.98 सेकेंड के शानदार समय के साथ अपनी स्थिति को और मजबूत किया और 45 सेकेंड से कम समय में दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने इस प्रक्रिया में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI ) द्वारा निर्धारित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग समय 44.96 सेकेंड को पार कर लिया। इसके साथ ही उनका 44.98 सेकेंड का समय एशियाई शीर्ष सूची में भी शीर्ष पर रहा, जो अप्रैल में 45.16 सेकेंड का समय लेने वाले अम्मार इस्माइल इब्राहिम से आगे निकल गया। तमिलनाडु के एक अन्य एथलीट, राजेश रमेश ने 45.31 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश के जय कुमार 45.47 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

सौ मीटर प्रतियोगिता में गुरिंदरवीर और पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष के बीच सबसे तेज भारतीय धावक बनने का मुकाबला भारतीय एथलेटिक्स में लंबे समय तक रखा जाएगा। ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे अनिमेष पिछले साल बनाए गए 10.18 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार थे। लेकिन शुक्रवार को पहले दिन 25 वर्षीय गुरिंदरवीर ने शुरुआती सेमीफाइनल हीट में इसे 10.17 सेकेंड तक कम कर दिया। इसके महज पांच मिनट बाद 22 वर्षीय अनिमेष ने दूसरे सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकेंड का समय निकालकर नाटकीय परिस्थितियों में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया। इससे शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड कुछ ही मिनटों के भीतर दो बार टूटा।

रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे पंजाब के धावक गुरिंदरवीर ने फाइनल में जीत हासिल की और 10.10 सेकेंड से कम समय में दौड़ने वाले पहले भारतीय धावक बन गए। इस प्रक्रिया में उन्होंने अनिमेष से 0.11 सेकेंड तेज दौड़ लगाई और अपने युवा प्रतिद्वंद्वी से कम से कम दो फीट आगे फिनिश लाइन पार की। रिलायंस फाउंडेशन के ही प्रणव गुरव 10.29 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। गुरिंदरवीर ने AFI द्वारा निर्धारित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग समय 10.16 सेकेंड को पार कर लिया। उनका 10.09 सेकेंड का समय इस सत्र में अब तक किसी एशियाई द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज समय है, जो मई में 19 वर्षीय जापानी धावक फुकुतो कोमुरो द्वारा बनाए गए 10.08 सेकेंड के बाद है।

SCROLL FOR NEXT