हैमिल्टन : भारत को टिम सीफर्ट को शुरू में ही जीवनदान देना महंगा पड़ा क्योंकि इस सलामी बल्लेबाज ने इसका पूरा फायदा उठाकर 50 गेंद पर 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिससे न्यूजीलैंड ने रविवार को यहां खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 2 ओवर शेष रहते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की।
भारत पहले 3 मैच जीतकर 5 मैच की शृंखला में अजेय बढ़त हासिल कर चुका था। इस तरह से उसने शृंखला 3-2 से अपने नाम की। सीफर्ट जब 13 रन पर खेल रहे थे तब नमन धीर ने उनका आसान कैच टपका दिया। उन्होंने इसके बाद 11 चौकों और 5 छक्कों से सजी अपनी पारी से भारतीय गेंदबाजों को पस्त किया। ग्लेन फिलिप्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 38 गेंद पर नाबाद 65 रन बनाए , जिससे न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर चार नवंबर से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला से पहले मनोबल बढ़ाने वाली जीत दर्ज की। भारत ने शृंखला में पहली बार टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर (23 गेंद पर 50, 3 चौके, 4 छक्के) और ईशान किशन (32 गेंद पर 61, 5 चौके, 5 छक्के) के बीच 107 रन की साझेदारी की मदद से 8 विकेट पर 191 रन बनाए। भारत को अपेक्षाकृत कम स्कोर पर रोकने में एडम मिल्ने ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए। नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर ने 2-2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। अर्शदीप सिंह ने फिन एलन को जल्द ही चलता कर दिया। उन्हें अपने अगले ओवर में सीफर्ट का विकेट भी मिल जाता लेकिन नमन ने उन्हें जीवनदान दिया। उन्होंने इसका जश्न छक्का लगाकर मनाया।