कप्तान गिल R Senthilkumar
खेल

आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ बने गिल

इंंग्लैंड के बेन स्टोक्स व दक्षिण अफ्रीका के वियन मुल्डर को पछाड़ा

दुबई : इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई 5 टेस्ट मैचों की शृंखला में 754 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल मंगलवार को आईसीसी का महीने (जुलाई 2025) का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुने गये। उन्होंने इस शृंखला में 4 शतक लगाए जिससे विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की गैरमौजूदगी में भी भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ शृंखला को 2-2 से बराबर करने में सफल रही। गिल ने इस दौरे पर युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम को कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर काफी प्रेरित किया। गिल ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला वियन मुल्डर को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता।

एजबेस्टन में दोहरा शतक लगाना खास : पुरस्कार जीतने के बाद गिल ने कहा कि यह पुरस्कार पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। इस बार इसका महत्त्व और भी ज्यादा है, क्योंकि यह कप्तान के रूप में मेरी पहली टेस्ट शृंखला में मेरे प्रदर्शन के लिए मिला है। बर्मिंघम (एजबेस्टन मैदान) में लगाया गया दोहरा शतक ऐसी उपलब्धि है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा और यह इंग्लैंड के मेरे दौरे के खास पलों में से एक होगा। इस 25 साल के खिलाड़ी ने कहा, ‘‘इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला मेरे लिए कप्तान के तौर पर सीखने का अनुभव रही और दोनों टीमों की तरफ से कुछ बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले। मुझे यकीन है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी लंबे समय तक याद रखेंगे।

गिल यह पुरस्कार 4 बार जीतने वाले पहले खिलाड़ी : गिल आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार 4 बार जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर जुलाई में खेले गए तीन टेस्ट मैचों में 94.50 की औसत से 567 रन (कुल 754 रन में से) बनाए थे। वह इससे पहले जानवरी 2023, सितंबर 2023 और फरवरी 2025 में इस खिताब को अपने नाम कर चुके है।

ग्राहम गूच के रिकॉर्ड की बराबरी : गिल ने इस दौरान बर्मिंघम में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में कुल 430 रन (पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन) बनाये। यह ग्राहम गूच (456 रन) के बाद एक टेस्ट में किसी बल्लेबाज के द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। उनकी इन पारियों से भारत दूसरा मैच जीत कर श्रृंखला को 1-1 से बराबरी करने में सफल रहा था।

महिला वर्ग में इंग्लैंड की सोफिया डंकले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी : महिला वर्ग में इंग्लैंड की सोफिया डंकले को जुलाई महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। डंकले ने इस सम्मान के लिए अपनी टीम की साथी सोफी एक्लेस्टोन और आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस को पीछे छोड़ा। उन्होंने इस दौरान वनडे और टी20 दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर दोनों प्रारूप में हुए सभी सात मैच खेले, जिसमें तीन वनडे और चार टी20 में कुल 270 रन बनाए। डंकले टी20 शृंखला में इंग्लैंड की तरफ़ से सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं और साउथम्पटन में पहले वनडे में 92 गेंदों में शानदार 83 रन बनाए थे।

SCROLL FOR NEXT