भारतीय हॉकी टीम का फाइल फोटो 
खेल

FIH प्रो लीग : भारतीय हॉकी टीम की नजरें वापसी करने पर

मैच दोपहर 12 बजे शुरू होगा। सीरीज का होबार्ट चरण 25 फरवरी तक तस्मानिया हॉकी सेंटर में होगा जिसमें मेजबान ऑस्ट्रेलिया भी शामिल है

होबार्ट : भारतीय पुरुष हॉकी टीम घरेलू मैदान पर बुरी तरह हारने के बाद शनिवार को यहां स्पेन के खिलाफ मैच के साथ FIH प्रो लीग के विदेशी चरण की शुरुआत में नए कप्तान हार्दिक सिंह के नेतृत्व में वापसी करने और एक नयी शुरुआत करने के लिए बेताब होगी। मैच दोपहर 12 बजे शुरू होगा। सीरीज का होबार्ट चरण 25 फरवरी तक तस्मानिया हॉकी सेंटर में होगा जिसमें मेजबान ऑस्ट्रेलिया भी शामिल है। हाल में राउरकेला चरण भारतीयों के लिए सीखने का दौर साबित हुआ जिसमें उन्हें अर्जेंटीना और बेल्जियम से हार मिली। नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने दूसरे बच्चे के जन्म के लिए आने वाले मैचों से ब्रेक लिया है। टीम इन मुकाबलों को आने वाले FIH विश्व कप और उसके बाद के एशियाई खेलों से पहले संयोजन को परखने और लय बनाने के एक जरूरी मौके के तौर पर देख रही है।

स्पेन के खिलाफ पहले मैच के बाद रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला होना है। 24 फरवरी को उनका सामना फिर स्पेन से होगा और 25 फरवरी को ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ अंतिम मैच के साथ यह चरण खत्म होगा। भारत और स्पेन अपने पिछले 10 मुकाबलों में बराबरी पर रहे हैं, दोनों ने नियमित समय में चार-चार जीत हासिल की हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार ‘हाई-स्कोरिंग ड्रामा’ रहा है। मेजबान टीम अपने पिछले 10 मुकाबलों में छह जीत (और दो ड्रॉ) के साथ बढ़त बनाए हुए है। दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हार्दिक उस टीम को अगुवाई करेंगे जिसमें अमनदीप लाकड़ा और मनमीत सिंह जैसे युवा खिलाड़ी भी हैं।

हार्दिक ने कहा, ‘प्रो लीग जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में राष्ट्रीय टीम की अगुवाई करना बहुत बड़ा सम्मान है। हालांकि हमें निश्चित रूप से पिच पर हरमनप्रीत की कमी खलेगी, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी बाकी ग्रुप को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेने का बेहतरीन मौका देती है।’ उन्होंने कहा, ‘एक टीम के तौर पर हमने अपने हाल के मैचों की समीक्षा की है। कुछ सबक सीखे हैं। हम होबार्ट में बहुत सकारात्मक और आक्रामक मानसिकता के साथ उतर रहे हैं।’ अंगद बीर सिंह, अराजित सिंह हुंडाल और आदित्य अर्जुन लालागे जैसे उभरते हुए स्टार भी फॉरवर्ड लाइन में अपनी काबिलियत साबित करने के लिए बेताब होंगे।

SCROLL FOR NEXT