फाइल फोटो 
खेल

FIFA World Cup : मंच सज चुका है, फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से

मेसी की अगुवाई में सबसे धारदार आक्रमण बनाम यामल के सहारे लौह रक्षा, ईस्ट रदरफोर्ड में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताब, रिकॉर्ड और लगातार दूसरी विश्व कप जीत की जंग

न्यूयॉर्क : विश्व कप फाइनल के लिए मंच सज चुका है जिसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आक्रमण वाली टीम अर्जेंटीना का सामना स्पेन की उस टीम से होगा जिसकी रक्षापंक्ति की मजबूती का कोई सानी नहीं है। खिताबी मुकाबले में खेल की दो अलग-अलग शैलियों का टकराव देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी लियोनेल मेसी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना रविवार को ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में स्पेन की मजबूत रक्षात्मक टीम से भिड़ेंगे। स्पेन के पास मेसी को टक्कर देने के लिए लामिन यामल के रूप में युवा स्ट्राइकर है। स्पेन ने मंगलवार को पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया।

इस टूर्नामेंट में वापसी करने में माहिर अर्जेंटीना ने बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर जीत हासिल की। अर्जेंटीना अपना चौथा खिताब जीतने की कोशिश कर रहा है और ब्राजील के बाद लगातार दो बार विश्व कप चैंपियन बनने की ओर अग्रसर है, जिसने 1958 और 1962 में यह उपलब्धि हासिल की थी। स्पेन 2010 में जीतने के बाद अपना दूसरा खिताब जीतने की कोशिश कर रहा है। अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं जबकि टूर्नामेंट में सबसे कम गोल खाने के मामले में स्पेन सबसे आगे है।

उसने सिर्फ एक गोल खाया है। दक्षिण अमेरिकी चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन को मार्च के अंत में कतर के दोहा में फाइनलिस्सिमा में एक दूसरे का मुकाबला करना था लेकिन मध्य पूर्व में जारी जंग के कारण यह मैच नहीं हो पाया। अब संयोग देखिए कि विश्व कप फाइनल में यह दोनों टीम आमने-सामने होंगी। यह फुटबॉल के वर्तमान और भविष्य के बीच एक मुकाबला होगा। साथ ही उन टीमों के बीच भी मुकाबला होगा जो विश्व कप से पहले फीफा की विश्व रैंकिंग में शीर्ष दो स्थानों पर काबिज थीं - अर्जेंटीना नंबर एक और स्पेन नंबर दो पर।

साल 2007 में ली गई एक मशहूर तस्वीर है जब मेसी यूनिसेफ के एक कार्यक्रम का हिस्सा थे और उन्होंने एक बच्चे के साथ पोज दिया था। वह बच्चा कोई और नहीं बल्कि यामल है जो अब अपने आदर्श खिलाड़ी को टक्कर देने के लिए तैयार है। स्पेन ने फाइनल तक के सफर में छह जीत हासिल की और एक ड्रॉ खेला। उसने अब तक 13 गोल किए हैं और केवल एक गोल खाया है। स्पेन ने ग्रुप चरण में केप वर्दे से गोल रहित ड्रॉ खेलने के बाद सऊदी अरब को 4-0 से और उरुग्वे को 1-0 से हराया।

उसने नॉकआउट चरण में ऑस्ट्रिया को 3-0 से, पुर्तगाल को 1-0 से, बेल्जियम को 2-1 से, फ्रांस को 2-0 से हराया। अर्जेंटीना अपने सभी सात मैच जीत कर फाइनल तक पहुंचा है। उसने अब तक 19 गोल किए हैं और सात गोल खाए हैं। अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में अल्जीरिया को 3-0 से, ऑस्ट्रिया को 2-0 से और जॉर्डन को 3-1 से हराया। उसने नॉकआउट चरण में केप वर्दे को 3-2 से, मिस्र को 3-2 से, स्विट्जरलैंड को 3-1 से और इंग्लैंड को 2-1 से हराया।

SCROLL FOR NEXT