मैक्सिको : ह्वांग इन-बीओम ने एक गोल किया और एक अन्य गोल में मदद की, जिससे दक्षिण कोरिया ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए गुरुवार की रात को विश्व कप फुटबॉल के दूसरे मैच में चेक गणराज्य को 2-1 से हरा दिया। पहले हाफ में दोनों टीमों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और मैदान से बाहर जाते समय दर्शकों ने उनकी हूटिंग की। इसके बाद चेक गणराज्य ने 59वें मिनट में कप्तान लादिस्लाव क्रेजी के हेडर से किए गए शानदार गोल से बढ़त हासिल कर ली। यह गोल पेनल्टी एरिया में एक लंबी थ्रो-इन के बाद हुआ।
दक्षिण कोरिया ने 67वें मिनट में बराबरी कर ली, जब ह्वांग ने दो खिलाड़ियों को चकमा देने के लिए शॉट मारने का नाटक किया और गोल दाग दिया। इसके बाद उन्होंने दाहिनी ओर से क्रॉस पास दिया, जिस पर ओह ह्योन-ग्यू ने 80वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। यह मैच ग्वाडालाजारा स्टेडियम में खेला गया जहां सैकड़ों सीट खाली पड़ी थी। मैच खत्म होने के बाद दक्षिण कोरियाई टीम ने गोलपोस्ट के पीछे खड़े होकर अपने प्रशंसकों के साथ जश्न मनाया।
दक्षिण कोरिया के कोच हांग म्युंग-बो ने कहा, 'यह हमारा पहला मैच था और बहुत मुश्किल था। जीत हासिल करने से हम खुश हैं लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे खिलाड़ियों ने मैच में किसी भी समय हौसला नहीं खोया।’ दक्षिण कोरिया ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार किसी यूरोपीय प्रतिद्वंद्वी को हराया। इससे पहले उसने 2022 में पुर्तगाल और 2018 में जर्मनी को हराया था। स्टार फॉरवर्ड सोन ह्युंग-मिन की अगुवाई में दक्षिण कोरिया ने गेंद पर पूरा नियंत्रण रखा और चेक गणराज्य के गोल पर अधिक शॉट लगाए, जो 2006 के बाद पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा है।
फीफा रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज कोरियाई टीम को 38वें स्थान की टीम चेक गणराज्य के खिलाफ गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन वे शुरुआती क्षणों में इनका फायदा उठाने में नाकाम रहे। दक्षिण कोरिया लगातार 11वीं बार और कुल मिलाकर 12वीं बार विश्व कप में हिस्सा ले रहा है, जो किसी भी एशियाई देश के लिए सबसे अधिक है। विश्व कप में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2002 में रहा था जब वह चौथे स्थान पर रहा था। उसने तब जापान के साथ मिलकर टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी की थी।