खेल

FIFA World Cup : ट्यूनीशिया को 3-1 से हराकर नीदरलैंड ग्रुप F में शीर्ष पर

ब्रायन ब्रॉबी के तीसरे गोल और ट्यूनीशिया की दो आत्मघाती गलतियों ने नीदरलैंड को बारिश भरे मुकाबले में 3-1 की जीत दिलाई, जिससे डच टीम ने ग्रुप एफ में शीर्ष स्थान पक्का कर नॉकआउट में जगह बनाई

कन्सास सिटी : ब्रायन ब्रॉबी ने विश्व कप में अपना तीसरा गोल किया जबकि ट्यूनीशिया के खिलाड़ियों ने दो आत्मघाती गोल दागे जिससे नीदरलैंड ने गुरुवार को बारिश के बीच 3-1 की जीत के साथ ग्रुप F के विजेता के तौर पर नॉकआउट चरण में जगह बनाई। दिन की शुरुआत में नीदरलैंड और जापान ग्रुप में बराबरी पर थे लेकिन जब टेक्सास के अर्लिंग्टन में समुराई ब्ल्यू’ (जापान) ने स्वीडन के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला तो वर्जिल वैन डाइक और उनके साथियों के लिए अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सोमवार को ग्रुप सी के उप विजेता मोरक्को के साथ मुकाबले की राह खुल गई।

जापान के सामने राउंड ऑफ 32 में ब्राजील जैसी मजबूत टीम से खेलने की कड़ी चुनौती है।विश्व कप के शुरुआती मैच में हार के बाद अपने कोच को हटाने वाला ट्यूनीशिया पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका था। शुरुआती कुछ मिनटों में ही तय हो गया कि चीजें ट्यूनीशिया के पक्ष में नहीं हो रहीं। डेन्जेल डमफ्रीज ने गोल के सामने से गेंद भेजी और ट्यूनीशियाई कप्तान एलिस स्खिरी ने उसे क्लियर करने की कोशिश में पैर से मारा लेकिन गेंद उनके ही गोल में चली गई। सातवें मिनट में ब्रॉबी ने स्कोर 2-0 कर दिया जब डच टीम को लगभग 25 गज की दूरी से फ्री किक मिली।

वैन डाइक ने शानदार ढंग से हेडर से गेंद को बॉक्स के पार भेजा और ब्रॉबी ने गोलकीपर आयमेन डाहमेन के ऊपर से चिप करके गेंद को नेट में डाल दिया। ट्यूनीशिया ने 54वें मिनट में हजेम मास्तूरी के कॉर्नर किक पर किए गोल से स्कोर 1-2 किया लेकिन 62वें मिनट में फिर स्कोर 3-1 हो गया जब कॉर्नर किक पर जान पॉल वैन हेके के हेडर से गेंद अनीस स्लिमैन के सिर से टकराकर उनके ही गोल में चली गई। इस बीच पहले हाफ में शुरू हुई हल्की बारिश दूसरे हाफ में तेज बारिश में बदल गई लेकिन नीदरलैंड ने अपनी लय नहीं गंवाई।

SCROLL FOR NEXT