फाइल फोटो 
खेल

FIFA World Cup : फुटबॉल महाशक्तियों में होगी जोरदार टक्कर

क्वार्टर फाइनल में फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना और इंग्लैंड जैसी शीर्ष रैंकिंग टीमों के बीच खिताबी जंग, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड की ऐतिहासिक दावेदारी पर भी सबकी नजर

न्यूयॉर्क : विश्व कप में अब केवल आठ टीम बची हैं और क्वार्टर फाइनल में जो टीम शामिल हैं, उनमें टूर्नामेंट से पहले की FIFA पुरुष विश्व रैंकिंग की शीर्ष चार टीम के साथ शीर्ष 10 में शामिल दो अन्य टीम भी मौजूद हैं। फ्रांस सबसे मजबूत टीम के रूप में उभरकर सामने आया है और सट्टेबाजों की पहली पसंद माना जा रहा है। उसके बाद स्पेन और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का स्थान है जबकि इंग्लैंड चौथे स्थान पर है। नॉर्वे को भी दावेदार माना जा रहा है जबकि बेल्जियम, स्विट्जरलैंड और मोरक्को को अपेक्षाकृत कम संभावना वाली टीमों में गिना जा रहा है। क्वार्टरफाइनल में फ्रांस बनाम मोरक्को मुकाबला मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो में खेला जाएगा।

फ्रांस ने ग्रुप चरण में दबदबा बनाए रखा और अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ 10-2 का स्कोर किया। नॉकआउट चरण की शुरुआत में फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराया। किलियन एमबाप्पे ने पराग्वे पर 1-0 की कठिन जीत में अपने करियर का 19वां विश्व कप गोल किया। चार साल पहले सेमीफाइनल में पहुंचे मोरक्को ने अपने शुरुआती मैच में ब्राजील के साथ ड्रॉ खेला, पेनल्टी किक से नीदरलैंड को बाहर किया और खराब शुरुआत से उबरते हुए सह-मेजबान कनाडा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में फ्रांस प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं स्पेन बनाम बेल्जियम मुकाबला कैलिफोर्निया के इंगलवुड में होगा। शुरुआत में केप वर्दे के साथ ड्रॉ ने शायद स्पेन को कड़े मुकाबलों को संभालने के लिए तैयार किया।

उन्होंने उरुग्वे को 1-0 से हराया और राउंड 32 में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराने के बाद मिकेल मेरिनो के गोल की बदौलत क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम को भी पराजित किया। बेल्जियम ने नियमित समय समाप्त होने से पांच मिनट पहले दो गोल से पिछड़ने के बावजूद वापसी करते हुए सेनेगल को हराया। इसके बाद उसने सिएटल में अमेरिका को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया जिसमें FIFA ने फोलारिन बालोगुन को लाल कार्ड मिलने से स्वत: निलंबन के बावजूद खेलने की अनुमति दी। इस मुकाबले में स्पेन के जीतने की उम्मीद है। फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में नॉर्वे बनाम इंग्लैंड मुकाबला होगा। इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी प्रेरणादायक कहानी नॉर्वे की रही है।

एर्लिंग हालैंड के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है और अमेरिका भर में प्रशंसक तथा खिलाड़ी ‘वाइकिंग रो’ जश्न मनाते दिखाई दिए जबकि नॉर्वे में भी बड़ी संख्या में लोग जश्न मना रहे हैं। हालैंड ने अपने छठे और सातवें गोल की बदौलत पांच बार के चैंपियन ब्राजील को हराकर नॉर्वे को इतिहास में पहली बार विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। इंग्लैंड ने एस्तादियो एज्टेका में शोरगुल से भरे माहौल के बीच मेक्सिको को रोमांचक राउंड ऑफ 16 मुकाबले में हराया, लेकिन मैच के बाद जश्न मनाते समय कलाई में चोट लगने से अनुभवी मिडफील्डर जोर्डन हेंडरसन चोटिल होए। इस मुकाबले में इंग्लैंड को मामूली रूप से दावेदार माना जा रहा है।

मिसौरी के कैनसस सिटी में होने वाले ‘अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड’ मुकाबले में निश्चित रूप से लियोनल मेसी की टीम दावेदार है। मेसी इस साल अब तक सभी खिलाड़ियों में सबसे अधिक आठ गोल कर चुके हैं और अपने शानदार करियर में विश्व कप में 21 गोल का रिकॉर्ड बना चुके हैं जो अभी जारी है। मंगलवार को मिस्र के खिलाफ मुकाबले में अर्जेंटीना 0-2 से पीछे था, लेकिन मेस्सी के गोल की बदौलत टीम ने शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की। स्विट्जरलैंड ने पांच मैच में केवल नौ गोल किए हैं और मुख्य रूप से अपनी मजबूत रक्षात्मक शैली के सहारे आगे बढ़ा है। राउंड 16 में कोलंबिया के खिलाफ निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक कोई गोल नहीं हुआ जिसके बाद टीम पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल करके आगे बढ़ी। स्विट्जरलैंड 1954 के बाद पहली बार विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है।

SCROLL FOR NEXT