भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की नीलामी के दौरान टीम प्रबंधन के साथ बोली लगाने की मेज पर नजर नहीं आएंगे। वह मेंटोर (मार्गदर्शक) के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने और अपने अनुभव से उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
IPL की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। इस महीने की शुरुआत में धोनी के IPL करियर के समापन के साथ ही उन्हें CSK का मेंटर नियुक्त किया गया था। धोनी ने 2008 से 2026 के बीच IPL के 19 सत्रों में से 17 में सीएसके का प्रतिनिधित्व किया। वह 2016 और 2017 में टीम का हिस्सा नहीं थे, क्योंकि इन दो सत्रों में चेन्नई की टीम निलंबित थी। पठान ने कहा, ‘मैं जितना धोनी को जनता हूं, मुझे नहीं लगता कि वह नीलामी की मेज पर बैठेंगे। वह मेंटोर हैं और नीलामी में बैठना उनकी भूमिका नहीं है।
उनका काम खिलाड़ियों को सही दिशा दिखाना, अपना अनुभव साझा करना, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करना और उन्हें सीएसके के लिए मैच जीतना सिखाना है। बोली लगाने और नीलामी से जुड़े फैसले टीम प्रबंधन पर छोड़ दिए जाएंगे।’उन्होंने धोनी के 5 आईपीएल खिताबों का जिक्र करते हुए कहा, ‘धोनी चीजों को सरल रखना पसंद करते हैं और जिन लोगों को अपना काम अच्छी तरह आता है, उन्हें उनकी जिम्मेदारी निभाने देते हैं। CSK का प्रबंधन और उसकी रणनीतिक टीम काफी मजबूत है।
उसने वर्षों से खिताब जीतने वाली टीमें बनाई हैं और धोनी ने हमेशा उन पर पूरा भरोसा किया है।’ पठान ने कहा कि धोनी कभी सुर्खियों में रहने या मैदान के बाहर लिए गए फैसलों का श्रेय नहीं लेते हैं। वह अपनी नयी भूमिका में भी पर्दे के पीछे रहकर काम करना पसंद करेंगे। पठान ने कहा, ‘इसलिए अगर धोनी CSK की नीलामी मेज पर बैठे दिखाई देते हैं तो मुझे हैरानी होगी। मेंटोर के तौर पर वह अपने तरीके से टीम से जुड़े रहेंगे और उनका काम पर्दे के पीछे होगा।’