भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी
नयी दिल्ली :
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को अपने 27 साल के क्रिकेट करियर के सफर को याद करते हुए तस्वीरों का एक भावुक ‘कोलाज’ (तस्वीरों का समूह) साझा किया। इस वीडियो में उनके क्रिकेट जीवन के यादगार पलों को मशहूर गायक मुकेश के लोकप्रिय गीत के साथ पेश किया गया है। इस वीडियो में विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी के मैदान के अंदर और बाहर के सफर के कुछ दुर्लभ पल शामिल हैं। इसकी शुरुआत भारतीय टीम की जर्सी में उनके शुरुआती दिनों से होती है। इसमें 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप की ऐतिहासिक जीत के अलावा टीम के साथियों और क्रिकेट जगत के दोस्तों के साथ बिताए गए यादगार पल भी दिखाए गए हैं।धोनी की प्रतिष्ठित सात नंबर की जर्सी को भी वीडियो में प्रमुखता से जगह दी गई है जो भारतीय टीम और सुपरकिंग्स दोनों की पहचान बन चुकी है। धोनी की कप्तानी में भारत ने दो विश्व कप खिताब जीते जबकि चेन्नई की टीम ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।टीम की सह मालिक रूपा गुरुनाथ ने बताया कि 45 वर्षीय धोनी ने आगामी सत्र के लिए खिलाड़ियों को बरकरार रखने पर चर्चा के दौरान फोन पर संन्यास लेने की इच्छा जताई थी।इस तस्वीरों के ‘कोलाज’ में धोनी को वीरेंद्र सहवाग, आरपी सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और सचिन तेंदुलकर सहित कई पूर्व साथियों के साथ देखा जा सकता है। इसमें भारतीय टीम की नीली और सुपरकिंग्स की पीली जर्सी में जश्न मनाते प्रशंसकों, ड्रेसिंग रूम के यादगार पलों और दोनों टीम की अगुवाई करते हुए मैदान में उतरते धोनी की तस्वीरें भी शामिल हैं।इस वीडियो के साथ दिवंगत गायक मुकेश का सदाबहार गीत ‘मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है...’ भी सुनाई दे रहा है।धोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘प्रशंसकों ने मुझे गलत साबित कर दिया। इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना नहीं हो सकता। शायद इसके दो संस्करण बनाए गए थे, जिससे कि मैं गलती कर सकूं और फिर उसे स्वीकार कर सकूं।’