खेल

CWG 2026 Day 1 : भारत ने जीत से की अपने अभियान की शुरुआत

महिला पेयर्स में माल्टा पर टाई-ब्रेक जीत, पुरुष एकल में पुतुल सोनोवाल ने विश्व चैंपियन रयान बेस्टर को हराकर भारत के लिए ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की धमाकेदार शुरुआत की

ग्लास्गो : भारत ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में गुरुवार को महिला पेयर्स बॉल्स स्पर्धा में माल्टा को रोमांचक टाई-ब्रेक में हराकर अपने अभियान की जीत से शुरुआत की। भारत की रूपा रानी टिर्की (लीड) और पिंकी (स्किप) ने पहला सेट 7-1 से अपने नाम किया। हालांकि दूसरे सेट में उन्हें माल्टा की रेबेका लूसी रिक्सन (लीड) और कोनी ले रिक्सन (स्किप) की जोड़ी से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद ग्रुप बी के पहले दौर के मुकाबले का फैसला टाई-ब्रेक से हुआ। टाई-ब्रेक में भारतीय टीम अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रही थीं लेकिन अंत में पिंकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी आखिरी बॉल के साथ निर्णायक बढ़त दिलाते हुए भारत को जीत दिला दी।

भारतीय महिला पेयर्स टीम शुक्रवार को ग्रुप बी के अपने दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगी। टिर्की और पिंकी दोनों ही 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला फोर्स टीम का हिस्सा थीं। हालांकि, ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में बॉल्स प्रतियोगिता से पुरुष और महिला फोर्स स्पर्धाओं को हटा दिया गया है। इस बार केवल पुरुष और महिला एकल तथा पुरुष और महिला युगल स्पर्धाएं ही शामिल की गई हैं। भारत ने 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष फोर्स स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। 

सोनोवाल ने किया उलटफेर

पुतुल सोनोवाल ने लॉन बॉल्स पुरुष एकल स्पर्धा में कनाडा के 2023 विश्व चैंपियन रयान बेस्टर को टाई-ब्रेक में हराकर बड़ा उलटफेर किया जिससे भारत ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहे पुतुल ने पहला सेट 5-4 से अपने नाम किया। इसके बाद कई बार के राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता बेस्टर ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 7-3 से जीतकर मुकाबले को टाई-ब्रेक तक पहुंचा दिया।

मौजूदा एशियाई चैंपियन असम के सोनोवाल ने दबाव में भी संयम बनाए रखा और टाई-ब्रेक जीतकर ग्रुप डी में अपने पहले मुकाबले में यादगार जीत दर्ज की। अब उनका सामना शुक्रवार को अपने दूसरे मैच में फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा। बेस्टर ने 2006 राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष एकल स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने 2014 और 2018 के चरणों में रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा उन्होंने विश्व आउटडोर चैंपियनशिप में एकल और युगल स्पर्धाओं में कुल सात पदक जीते हैं जिनमें 2023 चरण में एकल और युगल में क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक शामिल हैं। वर्ष 2025 में उन्हें ‘विश्व बॉल्स हॉल ऑफ फेम’ की पहली सूची में शामिल किया गया था।

SCROLL FOR NEXT