फाइल फोटो 
खेल

CSK ने फ्लेमिंग से नाता तोड़ा

पांच बार की चैंपियन टीम ने 18 साल पुराने साथ को सौहार्दपूर्ण बातचीत के बाद खत्म किया, फ्लेमिंग ने भावुक बयान में CSK के साथ बिताए दौर को कोचिंग करियर का सबसे अहम समय बताया

चेन्न : पांच बार की IPL चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पिछले तीन सत्र में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद लंबे समय से टीम के मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग से अलग होने का फैसला किया है। फ्लेमिंग पहली बार 2008 में IPL के उद्घाटन सत्र में एक खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल हुए थे। वह 2009 से टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे थे। फ्लेमिंग ने सोमवार को CSK के एक बयान में कहा, ‘खेल जगत में 18 साल लंबा समय होता है। मैं इसके लिए आभार व्यक्त करता हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया मेरा समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे महत्वपूर्ण दौर रहा है।

इस बीच हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है।’ उन्होंने कहा, ‘हमने साथ मिलकर अविस्मरणीय जीत का जश्न मनाया, मुश्किल पलों का सामना किया और ऐसी यादें बनाईं जिन्हें मैं ताउम्र संजोकर रखूंगा। CSK हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी और मैं आने वाले वर्षों में भी टीम का हौसला बढ़ाता रहूंगा।’ CSK ने कहा कि फ्लेमिंग और टीम प्रबंधन के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। फ्लेमिंग के कोच रहते हुए चेन्नई ने पांच बार IPL चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस बीच उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ यादगार साझेदारी बनाई।

इस दौरान CSK ने दो बार चैंपियंस लीग T-20 टूर्नामेंट भी जीता। उसने रिकॉर्ड 12 बार IPL प्लेऑफ में प्रवेश किया और 10 बार फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, पिछले तीन वर्षों से टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और वह प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। फ्रेंचाइजी की मालिक रूपा गुरुनाथ ने फ्लेमिंग को टीम के कोचिंग ढांचे का दिल बताया और न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान के योगदान की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘स्टीफन फ्लेमिंग इस फ्रेंचाइजी के लगभग पूरे सफर में कोचिंग इकाई की जान रहे। हम उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। मैदान पर हमारा साथ का सफर भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन वह हमेशा टीम का एक अभिन्न अंग बने रहेंगे।’

SCROLL FOR NEXT