फाइल फोटो 
खेल

CSK को नया कोच मिला

IPL के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर CSK का सामना किया है और इन मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया है

Deepak Ram

चेन्नई : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने सोमवार को आगामी सत्र के लिए भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया। जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जिन्होंने 18 सत्र तक टीम की कमान संभाली। CSK ने ‘एक्स’ पर लिखा, 'चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच के रूप में जहीर खान का स्वागत है।' जहीर ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, 'IPL के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर CSK का सामना किया है और इन मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया है। चेपॉक में टीम के ‘सुपरफैंस’ जिस तरह का माहौल बनाते हैं, वह इन मुकाबलों को और भी खास बना देता है।’

उन्होंने कहा, 'इतिहास और समृद्ध विरासत वाली इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।' जल्द ही 48 वर्ष के होने वाले जहीर ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। 2011 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान उन्होंने 21 विकेट लिए थे और वह टूर्नामेंट में टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। जहीर 2024 सत्र में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की भूमिका भी निभा चुके हैं। वहीं, फ्लेमिंग ने पिछले साल जुलाई में पांच बार की चैंपियन CSK से अलग होने की घोषणा की थी। माना जा रहा है कि CSK की क्रिकेट प्रबंधन समिति में शामिल एमएस धोनी, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ इस बार किसी भारतीय कोच को जिम्मेदारी सौंपना चाहते थे।

IPL में जहीर ने 100 मैच खेले हैं और संन्यास के बाद वह कोचिंग की भूमिका में आ गए। रूपा गुरुनाथ ने कहा, 'जहीर का शानदार खेल करियर और युवा प्रतिभाओं को निखारने की उनकी क्षमता हमारी प्रणाली के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। हमें विश्वास है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की मजबूत नींव को और सशक्त करने में मदद करेगा।' CSK के प्रबंध निदेशक काशी विश्वनाथन ने कहा, 'जहीर विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और पिछले कई वर्षों में उन्होंने कई युवा क्रिकेटरों, खासकर तेज गेंदबाजों के मेंटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह क्रिकेट की बारीकियों को अच्छी तरह समझते हैं और हम उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बनाने को लेकर उत्साहित हैं।'

CSK टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों की मानें तो धोनी किसी ऐसे व्यक्ति को टीम के साथ जोड़ने के पक्ष में थे, जिससे वह पहले से परिचित हों। सोशल मीडिया पर चर्चा में आए कुछ अन्य नामों के विपरीत, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन के इस पद को संभालने की संभावना लगभग नहीं थी। वहीं, तमिलनाडु के हेमंग बदानी के मामले में दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका दो साल का कार्यकाल उनके खिलाफ गया। इन दोनों वर्षों में जीएमआर की सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने बदानी के मार्गदर्शन में अपेक्षाकृत खराब प्रदर्शन किया। कोच के रूप में बदानी ने ILT-20 और द हंड्रेड में अच्छा काम किया है लेकिन ये प्रतियोगिताएं IPL के स्तर की नहीं हैं। इसलिए इस पद के लिए उनके उस अनुभव को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा सका।

SCROLL FOR NEXT