नयी दिल्ली : युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला दास और तैराक धिनिधि देशिंगु 31 अक्टूबर से सेनेगल में शुरू होने वाले डकार 2026 ग्रीष्मकालीन युवा ओलंपिक खेलों में 17 सदस्यीय भारतीय दल की अगुआई करेंगी। युवा ओलंपिक खेल 13 नवंबर तक चलेंगे। भारत इसमें 11 खेलों में हिस्सा लेगा। प्रतियोगिता में 207 दल के लगभग 2,700 खिलाड़ियों के 25 खेल विधाओं में भाग लेने की उम्मीद है।17 वर्षीय सिंड्रेला ने हाल में जापान में हुए एशियाई खेलों में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अहम अनुभव हासिल किया। उन्होंने महिला टीम और युगल स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय महिला टीम क्वार्टर फाइनल तक पहुंची जबकि सिंड्रेला और श्रीजा अकुला की जोड़ी युगल स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंची। वहीं धिनिधि देशिंगु भारत की उभरती हुई युवा तैराकों में अपनी जगह बना रही हैं। उन्होंने बैंकॉक में आयोजित 2026 एशियाई आयु वर्ग तैराकी चैंपियनशिप में 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता और इस दौरान राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। एक अन्य युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी सार्थक आर्य भी इस मौके का पूरा लाभ उठाने के लिए उत्साहित हैं। वह युवा ओलंपिक को अपने बड़े लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण पड़ाव मानते हैं। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने में इन खेलों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘डकार 2026 हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। वे भारतीय खेलों के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं और इनमें ऐसे चैंपियन भी हो सकते हैं जो 2032 के ब्रिस्बेन ओलंपिक और उसके बाद की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।’