फाइल फोटो 
खेल

China Open : सिंधु बाहर, आयुष और लक्ष्य भी हारे

कड़े तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में चेन युफेई से हारीं पीवी सिंधु, शेड्यूल में असमान ‘रिकवरी टाइम’ पर उठाए सवाल

चांगझोउ : भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शुरुआती बढ़त का फायदा उठाने में नाकाम रही और गुरुवार को यहां दूसरे दौर के मैच में चीन की खिलाड़ी चेन युफेई से तीन गेम के कड़े मुकाबले में हारकर चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन भी पुरुष एकल के दूसरे दौर के मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। लक्ष्य को कनाडा के विक्टर लाई से सीधे गेम में 19-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि आयुष को आयरलैंड के न्हात गुयेन से तीन गेम के कड़े मुकाबले में 21-15, 13-21, 20-22 से हार मिली।

सिंधु लगभग डेढ़ घंटे तक चले मैराथन मुकाबले में विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी युफेई से 21-16, 20-22, 18-21 से हार गईं। हैदराबाद की रहने वाली 30 वर्षीय सिंधु ने पिछले सप्ताह जापान ओपन जीतकर लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया था और उन्हें इस टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। पहले गेम से ही यह स्पष्ट हो गया था कि मुकाबला काफी कड़ा होने वाला है। भारतीय खिलाड़ी ने पहले गेम में 7-13 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्कोर 16-16 कर दिया था।

इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक हासिल करके पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में वापसी करने की बारी चेन की थी। सिंधु ने चार मैच प्वाइंट गंवाए। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली चेन ने 16-20 की स्थिति से वापसी करते हुए यह गेम 22-20 से जीत लिया। तीसरे और निर्णायक गेम में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लेकिन अंत में चेन ने 17-17 के स्कोर से बढ़त बनाकर मैच अपने नाम कर दिया। सिंधु के पास चेन के खिलाफ अपने दूसरे दौर के मुकाबले की तैयारी के लिए सिर्फ 16 घंटे का समय था जबकि चीनी खिलाड़ी को इस मुकाबले से पहले एक दिन से अधिक का आराम मिला जिससे उन्हें ‘रिकवरी’ (उबरने) के लिए काफी ज्यादा समय मिल गया।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मेरे मुकाबलों के बीच लगभग 16 घंटे का अंतर है जबकि मेरी मित्र चेन को आज मेरे खिलाफ खेलने से पहले पूरा एक दिन आराम मिला था और कल होने वाले मुकाबले से पहले उन्हें 24 घंटे से अधिक का समय मिलेगा।’ चौथी वरीयता प्राप्त चेन अब शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन का सामना करेंगी। इस मुकाबले से पहले चीनी खिलाड़ी को एक दिन का पूरा आराम मिलेगा। सिंधु ने इस बात की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘यह देखकर अच्छा लगा कि ‘रिकवरी’ को महत्व दिया जा रहा है। मजेदार बात यह है कि कार्यक्रम अक्सर ‘रिकवरी’ का ध्यान रखने का तरीका खोज लेता है। मेरी बस यही इच्छा है कि सभी के साथ एक जैसा बर्ताव किया जाए।’  

SCROLL FOR NEXT