मुंबई : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की वार्षिक आम बैठक (AGM) में शनिवार को सदस्य इकाइयों ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया। अगरकर का कार्यकाल अगले महीने की शुरुआत में समाप्त होने वाला है और ऐसे में उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हैं।
BCCI उनके स्थान पर चयन समिति के नये अध्यक्ष की तलाश कर सकता है। बैठक के बाद BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है।' हालांकि उन्होंने अगरकर के कार्यकाल को लेकर स्पष्ट स्थिति नहीं बताई।
हालांकि की 95वीं AGM में बोर्ड से संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के प्रतिनिधि और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तथा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे।
सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के भविष्य पर फैसला करने के साथ-साथ BCCI जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भी भरने की प्रक्रिया पर विचार कर रहा है। इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया कि मैचों के आवंटन के दौरान उसे कुछ और प्रमुख मुकाबले दिए जाने पर विचार किया जाए।