चीन : भारत के आयुष शेट्टी को रविवार को यहां बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी शी युकी के खिलाफ सीधे गेम में हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। आयुष को लय हासिल करने में परेशानी हुई और वह चीन के मौजूदा विश्व चैंपियन से 8-21, 10-21 से हार गए जिससे इस प्रतियोगिता में भारत का पुरुष एकल स्वर्ण पदक का 61 साल का इंतजार जारी रहा। हार के बावजूद गौरवरीय आयुष का अभियान शानदार रहा। वह दिनेश खन्ना के बाद इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बने। खन्ना इस प्रतियोगिता में एकमात्र भारतीय एकल चैंपियन हैं। उन्होंने 1965 में यह खिताब जीता था।
खन्ना के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने भी 2023 में यह खिताब जीता था। दुनिया के 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष इस साल की शुरुआत में मलेशिया सुपर 1000 और पिछले सत्र में इंडोनेशिया मास्टर्स में शी से हारने के बाद इस मुकाबले में उतरे थे। आयुष ने हालांकि इस हफ्ते अधिक नियंत्रण और आक्रामकता के साथ खेला और फाइनल के अपने सफर के दौरान दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कुनलावत वितिदसार्न, दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी और वर्ल्ड सातवें नंबर के खिलाड़ी ली शी फेंग को हराया। आयुष ने हालांकि शी की कड़ी चुनौती के सामने घुटने टेक दिए। चीन के खिलाड़ी ने उन्हें अपना स्वाभाविक आक्रामक खेल खेलने का मौका नहीं दिया।
शी ने अपने खेल की विविधता से भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बनाया और कुछ सटीक स्मैश भी लगाए। चीन के खिलाड़ी ने दो बढ़िया नेट ड्रिबल से शुरुआती अंक हासिल किए और 4-0 की बढ़त बना ली। आयुष के स्मैश शुरू में सटीक नहीं थे और वह 2-6 से पिछड़ गए। चीन के खिलाड़ी ने लंबी रैली के बाद बाहर शॉट बाहर जिससे आयुष को कुछ राहत मिली। शी हालांकि ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बनाने में सफल रहे। आयुष नियंत्रण हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे थे और उन्होंने कई सहज गलतियां की। शी ने शानदार ड्रॉप शॉट लगाया और क्रॉस कोर्ट शॉट लगाकर आयुष को गलतियां करने के लिए मजबूर किया। शी ने दो स्मैश के साथ गेम प्वाइंट हासिल किए और फिर आयुष के बाहर शॉट मारने से पहला गेम जीत लिया। भारतीय खिलाड़ी को मैच में बने रहने के लिए दूसरा गेम जीतना था।
उन्होंने बेहतर शुरुआत करते हुए 3-1 की बढ़त बनाई लेकिन शी ने नेट पर कुछ अच्छे शॉट खेलकर उन पर दबाव बनाए रखा। आयुष हालांकि 7-2 की बढ़त बनाने में सफल रहे लेकिन इसके बाद उन्होंने लय गंवा दी। भारतीय खिलाड़ी ने दो शॉट बाहर जबकि एक नेट पर मारा जिससे शी ने 7-7 के स्कोर पर बराबरी हासिल कर ली और फिर ब्रेक तक 11-8 से आगे हो गए। ब्रेक के बाद शी पूरी तरह छाए रहे। उन्होंने कछ अच्छे स्मैश से स्कोर 13-8 किया और फिर इसे 15-9 तक पहुंचाया। शी ने बॉडी रिटर्न अंक के बाद सीधे स्मैश से स्कोर 17-9 किया। आयुष ने फिर एक और शॉट बाहर मारा जबकि शी स्मैश के साथ अंक जुटाकर खिताब से सिर्फ दो अंक दूर पहुंच गए। शी ने क्रॉस कोर्ट स्मैश मारकर 10 मैच प्वाइंट हासिल किए और एक ऐसे रिटर्न पर मैच अपने नाम कर लिया जिस पर भारतीय खिलाड़ी के कूल्हे में जकड़न आ गई।