खेल

Asian Games : श्रीलंका को हराकर भारत फाइनल में

ईशान के 80 रन और वैभव सूर्यवंशी के 21 गेंद में 38 रन की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर सात विकेट पर 169 रन बनाये

Deepak Ram

निशिन : कठिन पिच पर ईशान किशन के 46 गेंद में नाबाद 80 रन की मदद से भारत ने एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में गुरुवार को श्रीलंका को 124 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली जहां सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। ईशान के 80 रन और वैभव सूर्यवंशी के 21 गेंद में 38 रन की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर सात विकेट पर 169 रन बनाये। जवाब में श्रीलंका ने पावरप्ले के भीतर ही छह विकेट 31 रन पर गंवा दिये थे और पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर आउट हो गई। जसप्रीत बुमराह ने पहली दो गेंदों पर ही दो विकेट ले लिये जिसके बाद अक्षर पटेल ने भी दो विकेट लिये। श्रीलंका के दो बल्लेबाज रन आउट भी हुए।

श्रीलंका अब कांस्य पदक के लिये बांग्लादेश से खेलेगा जबकि भारत का सामना फाइनल में पाकिस्तान से होगा। दोनों मैच शनिवार को खेले जायेंगे। भारत और पाकिस्तान के मैच से पहले फिर चर्चा है कि दोनों टीमें हाथ मिलायेंगी या नहीं। पिछले साल आपरेशन सिंदूर के बाद से भारतीय सेना के प्रति एकजुटता दिखाने के लिये भारतीय खिलाड़ियों ने एशिया कप और ICC टूर्नामेंटों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया है। श्रीलंका के खिलाफ स्पिनरों की मददगार पिच पर भारत ने सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भी टीम में थे लेकिन बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बाहर रखा गया। तेज गेंदबाजी का जिम्मा सिर्फ जसप्रीत बुमराह पर रहेगा।

श्रीलंका ने भी भारतीय बल्लेबाजों के लिये फिरकी का जाल बुना और कुछ हद तक कामयाब भी रहे। सूर्यवंशी और ईशान की पारियों के बिना भारत का स्कोर काफी कम रहता। धूप खिलने के कारण आज दोनों टीमें इन खेलों में पहली बार मैदान पर उतरी। पावरप्ले में गेंद काफी टर्न ले रही थी जिससे साबित हो गया कि स्पिनरों का दबदबा रहेगा। श्रीलंका ने तेज गेंदबाजों से दो ही ओवर डलवाये। अभिषेक (तीन गेंद में सात रन) ने श्रीलंका के कप्तान साहन अराछिगे को छक्का लगाया लेकिन उसके बाद ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में शॉर्ट थर्डमैन पर कैच दे बैठे।

सैमसन ने नौ गेंद में सात रन बनाये और स्पिनर थारिंडु रत्नायके की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। तीन ओवर स्पिनरों से कराने के बाद बायें हाथ के तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो को चौथे ओवर में गेंद सौंपी गई। सूर्यवंशी ने उन्हें लगातार चौके जड़कर दबाव में ला दिया। थारिंडु के तीसरे ओवर में सूर्यवंशी ने उन्हें लांग आन पर छक्का लगाया। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 58 रन था। 15 वर्ष के सूर्यवंशी को अराछिगे ने शॉर्ट थर्डमैन पर लपकवाकर पवेलियन भेजा। कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल बीच के ओवरों में आउट हो गए जिससे रनगति धीमी पड़ी। ईशान ने हालांकि चार चौकों और चार छक्कों की अपनी पारी के दम पर भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।  

SCROLL FOR NEXT