खेल

Asian Games : भारत ने श्रीलंका को 16-1 से हराया

श्रीलंका का एकमात्र गोल सुरेश रत्नायके ने 50वें मिनट में किया जो एशियाई खेलों के इतिहास में भारत के खिलाफ उनका पहला गोल था

Deepak Ram

जापान : ड्रैग-फ्लिकर जुगराज सिंह के साथ स्ट्राइकर अभिषेक और दिलप्रीत सिंह की हैट्रिक से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार को यहां एशियाई खेलों में अपने दूसरे पूल ए मैच में कमजोर श्रीलंका को 16-1 से करारी शिकस्त दी। भारत ने इससे पहले इंडोनेशिया को 13-1 से हराया था। जुगराज (10वें, 22वें, 42वें और 53वें मिनट) ने चार गोल किए जबकि अभिषेक (11वें, 17वें, 49वें मिनट) और दिलप्रीत (30वें, 38वें, 55वें मिनट) ने तीन-तीन मैदानी गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (16वें, 45वें मिनट), मनदीप सिंह (5वें मिनट), सुखजीत सिंह (29वें मिनट), मनप्रीत सिंह (31वें मिनट) और विवेक सागर प्रसाद (36वें मिनट) ने भी गोल किए। श्रीलंका का एकमात्र गोल सुरेश रत्नायके ने 50वें मिनट में किया जो एशियाई खेलों के इतिहास में भारत के खिलाफ उनका पहला गोल था।

भारत अब अगले मुकाबले में बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया से खेलेगा। उम्मीद के मुताबिक भारतीय टीम शुरुआत से ही हावी रही और उसने कमजोर मानी जा रही श्रीलंकाई टीम के खिलाफ खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा। भारत को पहला गोल करने के लिए पांच मिनट लगे जब मनदीप ने अभिषेक की मदद से गोल किया। इसके लगभग पांच मिनट बाद जुगराज ने जबरदस्त ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। एक मिनट बाद अभिषेक ने शानदार मैदानी गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। कप्तान हरमनप्रीत भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। अभिषेक ने एक मिनट बाद एक और मैदानी गोल करके दिन का अपना दूसरा गोल किया। जुगराज ने ड्रैग-फ्लिकर के तौर पर अपना दबदबा बनाते हुए 22वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 6-0 से आगे कर दिया।

सुखजीत ने भी स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर से शुरुआती कोशिश के नाकाम रहने के बाद उप-कप्तान हार्दिक सिंह से मिले पास पर गोल कर दिया। दिलप्रीत ने मनदीप के पास को चालाकी से डिफ्लेक्ट करके पहले हाफ तक भारत का स्कोर 8-0 कर दिया। दूसरे हाफ के एक मिनट बाद मनप्रीत ने एक और बेहरतीन मैदानी गोल कर स्कोर में इजाफा किया। इसके पांच मिनट बाद विवेक ने रिवर्स शॉट से गोल किया और फिर दिलप्रीत ने सुखजीत के साथ शानदार तालमेल से श्रीलंकाई डिफेंस को भेदते हुए दिन का अपना दूसरा गोल किया। जुगराज ने पेनल्टी स्ट्रोक को बखूबी गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की और हरमनप्रीत ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 13-0 कर दिया। अभिषेक ने जल्द ही ‘बैक ऑफ द स्टिक’ से शानदार गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की।

इसके बाद श्रीलंका ने रत्नायके के जरिए भारत के खिलाफ एशियाई खेलों के इतिहास में अपना पहला गोल किया। जुगराज ने पेनल्टी स्पॉट से अपना चौथा गोल किया और फिर मनदीप से मिले बेहतरीन पास पर दिलप्रीत ने एशियाई खेलों में अपनी दूसरी हैट्रिक पूरी की। भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन एशियाई खेलों के शुरुआती दो पूल मैच में अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश हैं और उन्होंने कहा कि इन मुकाबलों को आगे आने वाली चुनौतियों की तैयारी के तौर पर इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं नतीजों से खुश हूं। जाहिर तौर पर हमें अच्छा अभ्यास मिला, हमने तीन अंक हासिल किए और अब हम कोरिया और मेजबान जापान के खिलाफ अगले मैच की ओर बढ़ रहे हैं। मैं दोनों टीम का अनादर नहीं करना चाहता, जिनके खिलाफ हम खेले है। लेकिन हमने शायद 80 प्रतिशत गेंद पर कब्जा बनाए रखा और 60 मिनट तक उनके हाफ में रहे।’ कोच ने कहा, ‘यह हमारे लिए एक बहुत अच्छी ट्रेनिंग ड्रिल जैसा रहा और हमें इसकी जरूरत भी है। अगर आप इसे इस तरह नहीं देखते हैं, तो फिर क्या करेंगे?’

उन्होंने कहा, ‘हम अच्छी फॉर्म में हैं और मुझे लगता है कि हम उनका सामना करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।’ फुल्टन ने कहा कि टीम ने नीदरलैंड और बेल्जियम में हाल में हुए एफआईएच विश्व कप में आठवें स्थान पर रहने से काफी सबक सीखे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमने उससे सीख लेने और एक नयी शुरुआत करने की कोशिश की है। हमने विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जो अच्छा नहीं है। लेकिन तीन सप्ताह के भीतर आपके पास एक और मौका है और हम यहां हैं। मुझे लगता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और सब कुछ सही रास्ते पर है।' भारत के लिए चार गोल करने वाले ड्रैग-फ्लिकर जुगराज सिंह अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं क्योंकि हमारी टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। हमने मैच की रणनीति और संरचना पर काम किया। कोच ने हमें फ्रंट को मार्क करने के लिए कहा था। हमने उसी पर ध्यान दिया और अपना शत प्रतिशत दिया।’ उन्होंने कहा, ‘मैंने चार गोल किए हैं और मैं गोल करता रहूंगा। अगले मैच में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा और शत प्रतिशत दूंगा। अगले मैच बहुत महत्वपूर्ण हैं। हम अगले मुकाबले में अपनी गलतियों में सुधार करेंगे और अच्छा खेलेंगे।’  

SCROLL FOR NEXT