खेल

अश्विन की गायकवाड़ को सलाह

अश्विन ने कहा, ‘कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे

चेन्नई : भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना ​​है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के वर्तमान सत्र में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा। उन्होंने इसके अलावा खराब फॉर्म में चल रहे इस सलामी बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में अपने दृष्टिकोण में थोड़ा बदलाव करने की सलाह भी दी। पांच बार की चैंपियन CSK ने शुरुआत में लगातार तीन हार झेली लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार वापसी की। अश्विन ने कहा, ‘कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे।

सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता। T-20 प्रारूप ऐसा है जहां आपको लगातार इरादा दिखाना होता है।’ गायकवाड़ रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 28 है। उनकी असफलता के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की भी चर्चा बढ़ रही है। ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है। अश्विन ने गायकवाड़ को अपनी पारी की शुरुआत में हवा में शॉट नहीं खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘रुतुराज कुछ ज्यादा ही आक्रामक शॉट खेल रहे हैं और जल्दी आउट हो रहे हैं।

अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा सहज होकर खेलें, गेंद को सही समय पर खेलने की कोशिश करें और अधिक से अधिक मैदानी शॉट खेलें तो इससे उन्हें फायदा मिल सकता है।’ इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना ​​​​है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सैमसन के शतक ने CSK में नई जान फूंकी है। सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाकर शानदार वापसी की और फिर KKR के खिलाफ 48 रन बनाए। स्टेन ने कहा, ‘उनके उस शतक ने ड्रेसिंग रूम का माहौल बदल दिया। इससे टीम में नहीं ऊर्जा का संचार हुआ है जिससे टीम ने जीत की राह पकड़ ली है।’ उन्होंने कहा, ‘IPL मैच जीतना वाकई मुश्किल है। कभी-कभी जीत काफी करीब होती है फिर भी आप हार जाते हैं। इसलिए एक बार जीत हासिल करने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है।'  

SCROLL FOR NEXT