आर्यवीर सहवाग 
खेल

‘सहवाग’ होने का नुकसान भी झेला आर्यवीर ने

अंडर-19 एशिया कप अभियान में शानदार प्रदर्शन करके क्रिकेट जगत का जरूरी सम्मान हासिल कर लिया है

Rajesh Nain

मुंबई :

मशहूर उपनाम के साथ आलोचना भी आती है जिस पर नियंत्रण नहीं किया जा सकता लेकिन आर्यवीर ने भारत के अंडर-19 एशिया कप अभियान में शानदार प्रदर्शन करके क्रिकेट जगत का जरूरी सम्मान हासिल कर लिया है। उनके पिता और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने यह बात कही।

आर्यवीर को हाल में संपन्न जूनियर एशिया कप में टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक सहित कुल 361 रन बनाए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बेहद अहम फाइनल मुकाबले में भी 58 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

सीनियर सहवाग ने कहा, ‘मैं खुश हूं कि आर्यवीर सहवाग ने भारत की अंडर-19 टीम की एशिया कप खिताबी जीत में योगदान दिया और खासकर पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अच्छा प्रदर्शन किया। उसने सिर्फ रन नहीं बनाए बल्कि बड़ी पारियां भी खेलीं। मैं पूरी टीम को इस जीत के लिए बधाई देना चाहता हूं।

आर्यवीर ने दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा साबित कर दी है और अब उसे लगातार बड़ी पारियां खेलने पर ध्यान देना होगा। जब तक आप किसी खिलाड़ी को खेलते हुए नहीं देखते तब तक आप सिर्फ उसके नाम से ही उसे जानते हैं।

फिर जब वह प्रदर्शन करता है तो आप कहते हैं कि उसमें प्रतिभा है। आर्यवीर को भी अपने उपनाम (सहवाग) की वजह से काफी आलोचना झेलनी पड़ी।’उन्होंने कहा, ‘हो सकता है कि भविष्य में भी उसे ऐसी आलोचनाओं का सामना करना पड़े लेकिन अब हर कोई जानता है कि उसमें प्रतिभा है और वह प्रदर्शन कर सकता है।

इसलिए मेरे विचार से आगे उसे देश का प्यार ही मिलेगा।’ ओमान में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की रोमांचक एक विकेट की जीत के बाद सहवाग ने वीडियो कॉल पर अपने बेटे से बात की थी। भारत ने दबाव से भरे खिताबी मुकाबले में हार के कगार पहुंचने के बाद वापसी करते हुए 338 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

SCROLL FOR NEXT