अहमदाबाद : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है। गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को यहां खेले गए अपने अंतिम लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स पर 89 रन की शानदार जीत के साथ IPL प्लेऑफ में शीर्ष दो में जगह पक्की कर ली।
इस हार के साथ ही पांच बार की चैंपियन टीम CSK की प्लेऑफ में पहुंचने की रही सही उम्मीद भी समाप्त हो गई। IPL ने शुक्रवार को बयान में कहा, ‘IPL की धीमी ओवर गति से जुड़ी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम (चेन्नई सुपर किंग्स) का यह इस सत्र का दूसरा अपराध था, इसलिए गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।’
इसके अलावा इंपैक्ट प्लेयर सहित अंतिम एकादश में शामिल अन्य खिलाड़ियों पर छह लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत, जो भी कम हो, का जुर्माना लगाया गया है।