सिलीगुड़ी

आवास योजना सर्वे में भ्रष्टाचार और वसूली का आरोप, बीडीओ से जांच की मांग

Irfan E Azam

इस संबंध में इस्लामपुर के बीडीओ पिनाकी देबनाथ ने कहा, महिलाएं शिकायत लेकर आई थीं। हमने उनसे बात की है। अगर कहीं कोई लापरवाही हुई है, तो मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस्लामपुर: आवास योजना के सर्वे में कथित भ्रष्टाचार और लाभार्थियों से पैसे लेने का आरोप लगाते हुए सोमवार को पंडितपोता-1 ग्राम पंचायत के ग्रांहडांगा इलाके की कई महिलाएं इस्लामपुर के बीडीओ पिनाकी देबनाथ से मिलीं। महिलाओं ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने और जरूरत पड़ने पर इलाके में दोबारा सर्वे कराने की मांग की।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आवास योजना के सर्वे के दौरान कई परिवारों से कथित तौर पर 1,000 रुपये लिए गए। उनका दावा है कि पैसे देने वाले कुछ लोगों के नाम आवास योजना की सूची में शामिल किए गए, जबकि इलाके के कई गरीब और बेघर परिवार अब भी सरकारी आवास योजना के लाभ से वंचित हैं।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि आवास योजना की सूची में कुछ ऐसे परिवारों के नाम भी शामिल हैं, जिनके पहले से पक्के मकान हैं। इससे सर्वे प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इलाके में आवास योजना का सर्वे स्थानीय पंचायत सदस्य पंकज दास की देखरेख में हुआ था। उन्होंने पंचायत सदस्य पर भी योजना के तहत लाभ दिलाने में भूमिका निभाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों पर पंचायत सदस्य का पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायतों की वास्तविकता प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

शिकायतकर्ता मोनिका मंडल ने आरोप लगाया कि सर्वे के दौरान पैसे लिए गए और पैसे देने के बाद कई लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए। संतबाना चौधरी और अजीत चंद्र सिंह ने भी इसी तरह की शिकायत की।

इस संबंध में इस्लामपुर के बीडीओ पिनाकी देबनाथ ने कहा, महिलाएं शिकायत लेकर आई थीं। हमने उनसे बात की है। अगर कहीं कोई लापरवाही हुई है, तो मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT