सिलीगुड़ी : माटीगाड़ा-1 ग्राम पंचायत की उप-प्रधान रेखा मल्लिक, जो दलित समुदाय से आती हैं, के साथ दुर्व्यवहार करने, उन पर अंडा फेंकने, अभद्र टिप्पणी एवं गाली-गलौज किए जाने का आरोप सामने आया है। इस आरोप को लेकर युवा कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच एवं समस्त दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए पीड़िता को न्याय देने की मांग की है।
दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी ने रोष जताते हुए कहा कि, रेखा मल्लिक के अनुसार, इस संबंध में माटीगाड़ा थाने में शिकायत देने के बावजूद उनकी शिकायत/FIR दर्ज नहीं की गई। इसलिए आज भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के निर्देश पर, दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने रेखा मल्लिक के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं, उनके न्याय के लिए लड़ाई लड़ने का आश्वासन दिया। इस दौरान माटीगाड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुब्रत कुंडू, माटीगाड़ा-1 ग्राम पंचायत के सदस्य एवं अंचल अध्यक्ष मोहन सिन्हा सहित अन्य कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी ने कहा कि किसी भी महिला, निर्वाचित जनप्रतिनिधि अथवा दलित समुदाय के व्यक्ति के साथ अपमानजनक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। मामले में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच होनी चाहिए तथा यदि शिकायत दर्ज करने में कोई लापरवाही हुई है, तो उसकी भी उचित जांच की जानी चाहिए।भाजपा से जुड़े लोगों पर दलित समुदाय के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी एवं व्यवहार के आरोपों को लेकर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि, दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस की मांग है कि रेखा मल्लिक की शिकायत को विधि के अनुसार दर्ज किया जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। शिकायत दर्ज करने में कथित लापरवाही की भी जांच की जाए। इस मामले को लेकर जल्द ही पुलिस कमिश्नर के समक्ष प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से मांग रखी जाएगी। दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि न्याय की यह लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जारी रहेगी।