नागराकाटा : सिलीगुड़ी से ब्राउन शुगर लेकर तेलीपाड़ा में डिलीवरी देने पहुंचे एक युवक को बानरहाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रकाश तोरवा (30) के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा इलाके का निवासी बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रकाश बस से सिलीगुड़ी से तेलीपाड़ा पहुंचा था। सोमवार दोपहर बाद तेलीपाड़ा मोड़ के समीप सेना छावनी के पास यात्री प्रतीक्षालय के सामने पुलिस ने उसे संदिग्ध अवस्था में देखा। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक पैकेट बरामद हुआ, जिसमें ब्राउन शुगर मिली। बानरहाट के बीडीओ की मौजूदगी में बरामद मादक पदार्थ का वजन कराया गया। इसकी मात्रा 93.670 ग्राम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।