सिलीगुड़ी : माटीगाड़ा स्थित वेबेल IT पार्क में कॉल सेंटर की आड़ में चल रहे कथित अंतरराष्ट्रीय ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने इस पूरे जाल के कथित मुख्य सरगना को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैकत सिन्हा राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोलकाता के सोदपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर पूरे गिरोह को संचालित कर रहा था। दरअसल, हाल ही में सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की विशेष टीम ने माटीगाड़ा के वेबेल IT पार्क के फेज-1, फेज-2 और लिचुबागान स्थित फेज-3 में छापेमारी की थी। इस दौरान एक कथित फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ था। कार्रवाई में दो चरणों में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और संबंधित कार्यालयों को सील कर दिया गया था। पुलिस के अनुसार, खुद को कॉल सेंटर का डायरेक्टर बताने वाला सैकत सिन्हा राय कोलकाता में बैठकर पूरे गिरोह को नियंत्रित करता था। आरोप है कि कॉल सेंटर की आड़ में विदेशी नागरिकों के साथ ठगी कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की जाती थी। बताया गया है कि वह बीच-बीच में सिलीगुड़ी आकर लिचुबागान IT पार्क के G-14 नंबर कमरे में कर्मचारियों को ‘स्पीच’ और विशेष निर्देश भी देता था।पुलिस का दावा है कि प्रशासन से बचने के लिए आरोपी समय-समय पर कॉल सेंटर का कार्यालय और अपना किराए का मकान तक बदल देता था। वहीं, शुरुआती कार्रवाई में गिरफ्तार 9 आरोपियों में से 7 को जमानत मिल गई थी, जबकि दो आरोपियों को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान ही पुलिस के सामने सैकत का नाम सामने आया। इसके बाद माटीगाड़ा थाने की विशेष टीम ने कोलकाता में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया और सिलीगुड़ी लेकर आई। सोमवार सुबह आरोपी को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने आरोपी की 10 दिनों की हिरासत की मांग की है। मामले की जांच जारी है।