सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड पुनर्विन्यास को लेकर सोमवार को जिलाशासक की ओर से ड्राफ्ट सूची जारी की गई। इसमें शहर में बनाए जाने वाले 16 नए वार्डों के नंबर और सीमाएं तय की गई हैं। नए वार्डों को 48 से 63 तक नंबर दिया गया है। ड्राफ्ट सूची के अनुसार कुल 14 मौजूदा वार्डों का पुनर्विन्यास कर 16 नए वार्ड बनाए जाएंगे। इनमें 40 और 46 नंबर वार्ड को तीन-तीन हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव है, जबकि अन्य वार्डों को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है।नई सीमा तय करते समय बूथों को यथावत रखने का प्रस्ताव दिया गया है।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, प्रस्तावित पुनर्विन्यास को लेकर नागरिक 5 अक्टूबर तक जिला नगर निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। ड्राफ्ट में 1, 4, 5, 24, 31, 33, 34, 37, 40, 41, 42, 43, 44 और 46 नंबर वार्डों के विभिन्न बूथ क्षेत्रों को बांटकर 48 से 63 तक नए वार्ड बनाने का प्रस्ताव है। हालांकि, इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से अभी कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
वार्ड पुनर्विन्यास को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। सीपीएम ने आरोप लगाया है कि सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्डों का पुनर्विन्यास भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने को ध्यान में रखकर किया गया है। पार्टी की ओर से इस संबंध में नगर प्रशासक, नगर निगम आयुक्त और राज्य चुनाव आयोग को पत्र भेजकर आपत्ति दर्ज कराई गई है। अब ड्राफ्ट सूची पर आने वाली आपत्तियों और सुझावों के बाद अंतिम वार्ड परिसीमन को लेकर तस्वीर साफ होगी।