HTH contractual workers  
सिलीगुड़ी

वेतन वृद्धि व स्थायी नौकरी की मांग में स्वास्थ्यकर्मियों का प्रदर्शन

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : वेतन बढ़ाने और नौकरी स्थायी करने समेत कई मांगों को लेकर सिलीगुड़ी नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अस्थायी महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। हाउस-टू-हाउस सर्वे से जुड़ी इन स्वास्थ्यकर्मियों ने पहले बाघाजतिन पार्क के सामने से रैली निकाली और नगर निगम कार्यालय के सामने पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी नगर निगम को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में उनकी सेवा को स्थायी करना और बिना उचित कारण या किसी के निर्देश पर उन्हें काम से हटाए जाने से सुरक्षा देना शामिल है। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि उन्हें फिलहाल प्रतिदिन 175 रुपये के हिसाब से भुगतान किया जाता है, जो मौजूदा परिस्थितियों में बेहद कम है। इसलिए उन्होंने दैनिक पारिश्रमिक बढ़ाने की भी मांग की। प्रदर्शनकारी स्वास्थ्यकर्मी अर्पणा मजूमदार ने बताया कि घर-घर सर्वे के दौरान कई बार उन्हें लोगों की ओर से विरोध और बाधाओं का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वे लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाती रही हैं। उनका दावा है कि स्वास्थ्यकर्मियों के लगातार सर्वे और जागरूकता अभियान के कारण शहर में डेंगू के मामलों को नियंत्रित करने में भी काफी मदद मिली है। महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने नगर निगम से उनकी मांगों पर विचार कर जल्द समाधान करने की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT