गंगटोक: सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से शनिवार को लोकभवन में हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित मीडिया अंतरराज्यीय अध्ययन यात्रा के तहत प्रतिनिधिमंडल सिक्किम पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा ने किया। मुलाकात के दौरान राज्यपाल माथुर और पत्रकारों के बीच दोनों पर्वतीय राज्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान हिमाचल प्रदेश और सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शासन व्यवस्था और पर्यटन विकास से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। राज्यपाल माथुर ने दोनों राज्यों की भौगोलिक और सामाजिक समानताओं का उल्लेख करते हुए ऐसे अंतरराज्यीय अध्ययन दौरों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अध्ययन यात्राओं से पत्रकारों को जमीनी स्तर पर संचालित विकास योजनाओं और पहाड़ी क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलता है। साथ ही, ऐसे कार्यक्रम विभिन्न राज्यों के बीच आपसी समझ और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने पत्रकारों को अध्ययन यात्रा के दौरान सिक्किम में विकास, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से समझने के लिए प्रोत्साहित किया।