सिलीगुड़ी

वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार विजय बान्तवा का निधन

Abhijit Dey

मिरिक: वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार विजय बान्तवा का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे। उनके निधन से पत्रकारिता और साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

20 अप्रैल 1956 को दार्जिलिंग जिले के सुकेपोखरी प्रखंड के सेलेमबुंग (सुलबुंग) चाय बागान में जन्मे विजय बान्तवा सिक्किम के मीडिया जगत की एक प्रतिष्ठित हस्ती थे। उन्होंने नेपाली साप्ताहिक पत्रिका ‘हिमगिरी’ के संपादक एवं प्रकाशक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा, वे अंग्रेजी की त्रैमासिक पत्रिका ‘स्नोलाइन’ से भी जुड़े रहे। वे प्रेस क्लब ऑफ सिक्किम के संस्थापक महासचिव भी थे।

पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2011 में उन्हें ‘कंचनजंगा कलम पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।

उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव सेलिमबुंग के सल्लाबारी, उत्तिसबारी में किया जाएगा।

विजय बान्तवा के निधन पर मिरिक प्रेस क्लब ने गहरा शोक व्यक्त किया है। क्लब ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान और मिरिक के साथ उनके आत्मीय संबंधों को हमेशा याद रखा जाएगा। क्लब ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।

SCROLL FOR NEXT