इस्लामपुर : ग्वालपोखर -2 ब्लॉक के निजामपुर-2 ग्राम पंचायत क्षेत्र में आदिवासी पशुपालकों के मवेशियों के स्वास्थ्य की जांच और वैक्सीनेशन के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। आदिवासी परिवारों की आजीविका को मजबूत करने और उनके सामाजिक-आर्थिक विकास के उद्देश्य से ट्राइबल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को नाबार्ड की वित्तीय सहायता प्राप्त है। रायगंज की एक संस्था ने ग्वालपोखर-2 ब्लॉक के ब्लॉक लाइवस्टॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BLDO) के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के आदिवासी पशुपालकों के मवेशियों की स्वास्थ्य जांच की गई और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक वैक्सीन दी गईं। पशुपालकों को पशुओं की उचित देखभाल, बीमारियों की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य जांच और बेहतर पशुपालन के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, पशुपालन के माध्यम से परिवार की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्वालपोखर-2 ब्लॉक के BLDO डॉ. बादलचंद्र दास उपस्थित थे ।