उत्तर बंग मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वर्ष 2001 में स्थापित यह ट्रस्ट आज सिलीगुड़ी में समाजसेवा के क्षेत्र में बड़ा नाम है। इस ट्रस्ट ने सिलीगुड़ी शहर के हृदयस्थल सेवक रोड में एक भव्य भवन उत्तर बंग मारवाड़ी पैलेस बना कर उसे 2006 में समाज को समर्पित कर यहां सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, धार्मिक व अन्य आयोजनों को एक नया आयाम दिया। इसके अलावा तरह-तरह के समाज सेवा कार्यों में यह ट्रस्ट अग्रणी है व अन्य अनेक की प्रेरणा है। इसे लेकर पेश हैं ट्रस्ट की वर्तमान कार्यकारिणी के अध्यक्ष रतन कुमार गोयल, सचिव अनिल कुमार गोयल व कोषाध्यक्ष विजय अग्रवाल (हिमगिरि) से हुई खास बातचीत के अंशः-
आपकी संस्था कब से और किस चीज को लेकर कार्यरत है?
उत्तर : उत्तर बंग मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट की स्थापना 2001 में हुई थी। इसके द्वारा शहर के हृदयस्थल सेवक रोड के दो माइल में आलीशान उत्तर बंग मारवाड़ी पैलेस निर्मित करा कर उसे 2006 में समाज को समर्पित किया गया। तब से अब तक इस पैलेसनुमा भवन के द्वारा समाजसेवा जारी है। हमारा ट्रस्ट मूलतः इस भवन को ही संचालित करता है जिसने शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, धार्मिक व अन्य प्रकार के आयोजनों को एक नया आयाम दिया है। जितनी किफायती कीमत पर हमारा ट्रस्ट समाज को विभिन्न आयोजनों के लिए जितनी उत्तम सेवा के साथ जितना अच्छा भवन मुहैया कराता है उतना कहीं और संभव नहीं है।
आपकी संस्था के अब तक के सफर को आप किस रूप में देखते हैं ?
उत्तर : हमारे ट्रस्ट द्वारा काफी अच्छा प्रदर्शन किया जा रहा है। पहले भी बहुत कुछ किया गया और अब आगे भी बहुत कुछ करने की योजना है। हमारे ट्रस्ट में कुल 301 ट्रस्टी हैं। वे सभी पूरे समर्पित भाव से जनसेवा करते आ रहे हैं। हम जरूरतमंदों को विशेष आयोजनों के लिए अत्यंत ही किफायती दर पर भवन सेवा देते आ रहे हैं। इसके नाम में मारवाड़ी जरूर है लेकिन यह हर वर्ग की सेवा के लिए है। समाज के हर वर्ग ने हमें सराहा है। यह सुखद है और यही हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि भी है।
अब तक की बड़ी-बड़ी उपलब्धियां क्या हैं ?
उत्तर : अनेक उपलब्धियां हैं। किसे गिनाएं और किसे छोड़ें। काेरोना महामारी के दौरान हमारे ट्रस्ट ने बहुत ही उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। हर दिन आम जरूरतमंद लगभग 3,500 लोगों को मुफ्त भोजन मुहैया कराया था। महाराजा अग्रसेन अस्पताल व अन्य सरकारी अस्पतालों को विशाल संख्या में पीपीई किट मुहैया कराए थे। वर्ष 2021 में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी हमारे भवन में कार्यक्रम में सम्मिलित हुई थीं। यहां केंद्र सरकार की ओर से रोजगार मेला का भी आयोजन किया गया। केंद्र व राज्य सरकारों के अनेक विभाग यहां समय-समय पर सामाजिक जागरुकता व कल्याण के अनेक कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
आगे भविष्य में क्या योजनाएं हैं ?
उत्तर : ट्रस्ट द्वारा लगातार समाज को सेवा देने का कार्य सुचारु रखना ही मुख्य ध्येय है। ट्रस्ट की ओर से और एक जमीन ली गई है। वहां, स्कूल, कॉलेज या फिर दक्षता विकास केंद्र कायम कर समाज को शिक्षा की सेवा से समृद्धि की दिशा में अग्रसर करने की योजना है। दक्षता विकास केंद्र में युवाओं को कंप्यूटर कोर्स, सिलाई, मेहंदी, मैकेनिक आदि की रोजगार सृजन मूलक शिक्षा दी जाएगी। ट्रस्ट हर जरूरतमंद की सेवा कर पाए, यही हमारा ध्येय है।
समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं ?
उत्तर : हर किसी को यथासंभव रूप में सेवा कार्यों से जुड़े रहना चाहिए। एक-दूसरे की मदद करना ही मानव धर्म है। जरूरतमंदों की मदद करने में कभी भी झिझकना नहीं चाहिए। हम एक-दूसरे का सहयोग करेंगे तभी हर किसी के साथ समग्र रूप में समाज का विकास होगा और आने वाली पीढ़ी हर क्षेत्र में योग्य बनेगी।
उत्तर बंग मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट
स्थापना : 2001
मुख्य इकाई : उत्तर बंग मारवाड़ी पैलेस, 2 माइल, सेवक रोड, सिलीगुड़ी
आरंभ : 2006
ट्रस्टी संख्या : 301
सेवा कार्य : उत्तर बंग मारवाड़ी पैलेस का संचालन, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, धार्मिक व अन्य आयोजनों में सहयााग, एवं अन्य समाज सेवाएं।
प्रस्तुति : गायत्री यादव