सिलीगुड़ी: चंपासरी ग्राम पंचायत अंतर्गत कोलाबाड़ी इलाके में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि रात के समय जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात चोर दूसरी मंजिल की खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश कर गए और लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। परिवार के सदस्य सूरत छेत्री ने बताया, चोरों ने अलमारी में रखे करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन जिस स्थान से चोर दूसरी मंजिल की खिड़की के जरिए अंदर दाखिल हुए, वह हिस्सा कैमरे की निगरानी से बाहर था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रधाननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के मालिक ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। वहीं, कोलाबाड़ी-मिलनमोड़ इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।