सिलिगुड़ी तराई संचारकर्मी समहू के सदस्य 
सिलीगुड़ी

एमपी देउसी-भैलो महोत्सव में सिलिगुड़ी तराई संचारकर्मी समूह की अनूठी भागीदारी

Gayetri Yadav

सन्मार्ग संवाददाता, सिलिगुड़ी: सांसद राजू बिष्ट की पहल पर मिलन मोड़ फुटबॉल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ‘एमपी देउसी-भैलो महोत्सव 2026’ में सिलिगुड़ी तराई संचारकर्मी समूह ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजय काफ्ले, अमर प्रधान और राजन काफ्ले के नेतृत्व में समूह ने देउसी-भैलो की प्रस्तुति के माध्यम से नेपाली मौलिक कला, संस्कृति, सभ्यता और परंपरा के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।

समूह ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में शामिल होने का उद्देश्य पुरस्कार या नकद राशि हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति और जातीय पहचान के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी का संदेश देना था। समूह का मानना है कि पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल समाज की खबरों और समस्याओं को सामने लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

समूह ने कहा कि देउसी-भैलो की प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि वे केवल समाचार प्रस्तुत करने वाले पत्रकार नहीं, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति और सभ्यता पर गर्व करने वाले जागरूक नागरिक भी हैं। यह सहभागिता उनके लिए प्रतियोगिता से बढ़कर अपनी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों की विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सामूहिक प्रयास था।

इस अवसर पर समूह ने महोत्सव के आयोजन के लिए सांसद राजू बिष्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। समूह ने कहा कि गोर्खा समुदाय ने अतीत में कई नेतृत्व देखे हैं, लेकिन समुदाय की समस्याओं, भावनाओं और आकांक्षाओं को समझने वाले युवा नेतृत्व के रूप में राजू बिष्ट से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। समुदाय की पहचान, अधिकार, भाषा और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर उनके प्रयासों को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है।

समूह ने विश्वास जताया कि सांसद बिष्ट भविष्य में भी गोरखा समुदाय की अपेक्षाओं और साझा मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए उनके समाधान की दिशा में निरंतर पहल करेंगे। साथ ही, देउसी-भैलो जैसी पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव को सराहनीय पहल बताया।

अंत में समूह ने कलाकारों, प्रतिभागियों, आयोजकों और दर्शकों सहित कार्यक्रम को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

SCROLL FOR NEXT