क्षतिग्रस्त घर  
सिलीगुड़ी

दो दंतैल हाथियों ने पांच घरों में मचाई तोड़फोड़, ग्रामीणों में दहशत

Gayetri Yadav

नागराकाटा : नागराकाटा के दो अलग-अलग इलाकों में गुरुवार देर रात दो हाथियों ने कुल पांच घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, गले में रेडियो कॉलर लगा एक अन्य हाथी भी अपर केलाबाड़ी बस्ती में देर रात तक उत्पात मचाता रहा। आबादी वाले इलाकों में हाथियों के लगातार प्रवेश से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, लुकसान ग्राम पंचायत के धरनीपुर चाय बागान के पानीघाटा लाइन में एक दंतैल हाथी ने सबसे पहले सनातन नट्टो और मनोरंजन नट्टो के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने जब हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया तो वह वहां से निकलकर पास के मेचपाड़ा इलाके में पहुंच गया और वहां भी दो अन्य घरों में तोड़फोड़ की। क्षतिग्रस्त घर के मालिक सनातन नट्टो ने बताया कि हाथी बेहद आक्रामक था। उसे खदेड़ने का प्रयास करने पर वह उलटे लोगों का पीछा करने लगा। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ किसी तरह जान बचाकर निकलना पड़ा और घटना को याद कर अभी भी डर लग रहा है। दूसरी ओर, सुलकापाड़ा ग्राम पंचायत के बामनडांगा चाय बागान के टंडू डिवीजन में भी एक अन्य दंतैल हाथी ने राधे साउ के घर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया गया है कि धरनीपुर इलाके में हाथी डायना जंगल की ओर से, जबकि टंडू इलाके में हाथी सटे हुए गोरुमारा जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे थे। वहीं, आंगराभाषा-1 नंबर ग्राम पंचायत के अपर केलाबाड़ी इलाके में रेडियो कॉलर लगा एक अन्य हाथी भी ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। वन विभाग की ओर से बताया गया है कि सभी प्रभावित इलाकों में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। धरनीपुर के पानीघाटा निवासी राजकपूर कर्मकार ने बताया कि इलाके में लगभग हर रात हाथियों का प्रवेश हो रहा है। डर के कारण ग्रामीण ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले मेचपाड़ा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र पर भी हाथी ने हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था।

SCROLL FOR NEXT