सिलीगुड़ी
बागडोगरा थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल मोड़ पर मेट्रोपोलिटन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 भैंसों को बरामद किया है। इस मामले में असम निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने भैंसों को ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे एक वाहन को भी जब्त किया है। मंगलवार तड़के की गई इस कार्रवाई के बाद पशुओं के परिवहन को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मेट्रोपोलिटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर की सुबह पुलिस को गुप्त सूत्रों से हॉस्पिटल मोड़ इलाके में पशुओं के परिवहन को लेकर विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर बागडोगरा थाने की पुलिस टीम ने एएसआई विशाल राय के नेतृत्व में इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 19 भैंसें बरामद हुईं। इसके बाद मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हनीफ अली (29) और कबीरुल इस्लाम (30) के रूप में हुई है। दोनों असम के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत 19 भैंसों और एक वाहन को जब्त किया है।
इस मामले में बागडोगरा थाने में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भैंसों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाने की योजना थी। साथ ही इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।