चोरी के बाद दुकान में तनाव का माहौल  
सिलीगुड़ी

बानरहाट में एक ही रात दो आभूषण दुकानों में चोरी

Gayetri Yadav

नागराकाटा : बानरहाट रेलगेट से सटे पीएनबी रोड इलाके में चोरों ने एक ही रात दो सोने-चांदी की दुकानों को निशाना बनाकर दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया है कि दोनों दुकानें पिता-पुत्र की हैं। चोरों ने दुकानों के सामने का दरवाजा या ताला तोड़ने के बजाय पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगभग 40 ग्राम सोना, 15 किलोग्राम चांदी के आभूषण और कुछ नकदी चोरी हुई है। चोरी हुए आभूषणों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 30 लाख रुपये बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने बानरहाट चाय बागान की ओर स्थित मकान की पिछली दीवार तोड़कर दोनों दुकानों में प्रवेश किया। वारदात के दौरान एक संदिग्ध की गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। हालांकि, चोरों ने कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक सोनू साह ने पिछली दीवार टूटी देखी। अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिलने पर उन्होंने तत्काल अपने पिता जगन्नाथ साह को घटना की जानकारी दी।


जगन्नाथ साह ने बताया कि चोर सामने से दुकान में प्रवेश करने के बजाय पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने कहा कि चोरी हुए आभूषणों में कुछ ऐसे आभूषण भी शामिल हैं, जिन्हें ग्राहकों ने गिरवी रखा था। उन्होंने पुलिस से जल्द जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। दूसरी दुकान के संचालक सोनू साह ने भी बाजार में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही बानरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं, बानरहाट बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यवसायियों में नाराजगी और चिंता बढ़ रही है। व्यवसायियों का दावा है कि पिछले एक महीने में बाजार क्षेत्र में चोरी की पांच घटनाएं हो चुकी हैं। बानरहाट व्यवसायी समिति के सचिव सुबीर दास ने कहा कि थाना के नजदीक और बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि पूजा का मौसम नजदीक है और बाजार में कारोबार भी बढ़ रहा है। ऐसे में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाना जरूरी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है |

SCROLL FOR NEXT