सिलीगुड़ी : अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रधाननगर थाना पुलिस ने तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके संयुक्त कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 162 बोतल शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 32.58 लीटर बतायी गयी है।
पुलिस के अनुसार, विशेष सूत्र से मिली सूचना के आधार पर प्रधाननगर थाने की सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने रात के समय सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस में अभियान चलाया। इस दौरान दो लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुन्ना साह (46), बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के महेशी थाना क्षेत्र के महेशी निवासी और दीपक साह (29), अलीपुरद्वार जिले के जयगांव थाना क्षेत्र के सुपर मार्केट निवासी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 25 बोतल ऑफिसर्स चॉइस प्रीमियम व्हिस्की, प्रत्येक 180 मिली, कुल 4,500 मिली; 48 बोतल ऑफिसर्स चॉइस प्रीमियम व्हिस्की, प्रत्येक 180 मिली, कुल 8,640 मिली; 48 बोतल रॉयल स्टैग डिलक्स व्हिस्की, कुल 8,640 मिली; 35 बोतल रॉयल चैलेंज फाइनस्ट प्रीमियम व्हिस्की, कुल 6,300 मिली तथा 6 बोतल ऑफिसर्स चॉइस प्रेस्टिज व्हिस्की, प्रत्येक 750 मिली, कुल 4,500 मिली बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित बरामद शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद शराब को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में प्रधाननगर थाने में बंगाल एक्साइज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी मात्रा में शराब कहां से लायी गयी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले की आगे जांच जारी है।