मौके पर छानबीन करती पुलिस  
सिलीगुड़ी

भूटान सीमा से ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

जयगांव: भूटान सीमा से सटे इलाके में ब्राउन शुगर तस्करी की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर जयगांव थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जयगांव के गोपीमोहन इलाके में विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी नयन दास ने किया। पुलिस टीम ने स्कूटी पर जा रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई मात्रा से स्पष्ट है कि यह व्यक्तिगत उपयोग के लिए नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर तस्करी के उद्देश्य से लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कयीम मिया निवासी, कूचबिहार जिला और नादिम नादाब निवासी, कालियाचक क्षेत्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ब्राउन शुगर को बाहरी क्षेत्र से लाकर सीमावर्ती इलाकों में खपाने की योजना थी।

भूटान सीमा से सटे होने के कारण जयगांव क्षेत्र को तस्कर अक्सर ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। इस कार्रवाई में जिला पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और जयगांव थाने की विशेष टीम की संयुक्त भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नेटवर्क कितना व्यापक है। घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सख्त कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

SCROLL FOR NEXT